झांसी। डेढ़ साल पहले नवाबाद थाना क्षेत्र से अपहृत किशोरी की भोपाल के एक हॉस्पिटल में हुई मौत के मामले में कई राज खुल रहे हैं। युवक ताहिर अगवा कर किशोरी को दिल्ली ले गया था। वहां से वह कुछ समय पहले ही भोपाल आया था। योजना के तहत किशोरी को एक दूसरे घर में रखा गया था। तबीयत बिगड़ने पर ताहिर किशोरी को दूसरे नाम से अस्पताल में भर्ती कर भाग गया था। किशोरी की मौत के बाद राज खुलने पर पुलिस ने ताहिर व उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को झांसी की अदालत में पेश किया गया। वहां से उन्हें जेल भेजा गया। वहीं ताहिर के पिता की तलाश की जा रही है।
भोपाल में गिरफ्तार किए गए ताहिर को लेकर नवाबाद थाने की पुलिस शुक्रवार की रात झांसी आ गई। इस दौरान भोपाल पुलिस को सूचना मिली कि ताहिर का भाई और पिता भी झांसी गए हैं। यह सूचना झांसी पुलिस को मिली। नवाबाद थाने की पुलिस ने शनिवार को जेल चौराहा से ताहिर के भाई नासिर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनाेें भाइयों को शनिवार दोपहर अदालत में पेश किया। वहां से उनको जेल भेज दिया गया। वहीं ताहिर के पिता के झांसी में होने की सूचना पर भोपाल पुलिस भी यहां आ गई है। ताहिर के पिता की तलाश में जगह-जगह दबिश दी जा रही है। पता किया जा रहा है कि झांसी में ताहिर के कौन-कौन रिश्तेदार हैं?
पिता ने की थी बेटे की मदद
किशोरी को भोपाल के अस्पताल में भर्ती कराने में दोनों आरोपियों के पिता उस्मान खान ने मदद की थी। यह भी पता चला है कि ताहिर का पिता वर्तमान में झांसी आया है। इस पर भोपाल पुलिस भी खोेजबीन करते हुए झांसी आ गई। शनिवार को नवाबाद व भोपाल पुलिस पिता की तलाश में जुटी रही।