झांसी। बिजली विभाग की टीम ने शुक्रवार को भारी पुलिस बल, विजिलेंस के साथ ओरछा गेट बाहर स्थित कसाई मंडी में छापा मारकर चेकिंग की। चेकिंग के दौरान हर दूसरे और तीसरे घर में अनाधिकृत रूप से केबल डालकर की जा रही चोरी पकड़ी गई। 217 केबल जब्त कर ली गईं, जिनकी मदद से बिजली घरों में जलाई जा रही थी। चेकिंग के दौरान गहमागहमी का माहौल बना रहा। विभाग ने संबंधित क्षेत्र के लोगों को कनेक्शन लेने के लिए एक हफ्ते का मौका दिया है।
बिजली विभाग की टीम ने शुक्रवार को अधीक्षण अभियंता एसआर गर्ग के निर्देश पर सालों बाद बाहर ओरछा गेट स्थित कसाई मंडी क्षेत्र में छापा मारकर चेकिंग की। उनके साथ विजिलेंस और कोतवाली पुलिस मौजूद रही। चेकिंग टीम को देखते ही लोगों की भीड़ लग गई। कुछ लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के कारण वे सफल नहीं हो सके। चेकिंग में पाया गया कि एक खंभे से अगर 15 कनेक्शन जुड़ें हैं तो उसमें तीन लोगों ने ही कनेक्शन ले रखा है। बाकी सब डायरेक्ट केबल डालकर बिजली जला रहे हैं। जो कनेक्शन लिए हैं उनमें भी कई मीटर के पहले कट लगाकर दूसरी केबल से बाईपास चोरी कर रहे हैं। इस दौरान 217 केबल जब्त कर ली गईं। ऐसे लोगों के नाम सूचीबद्ध कर लिए गए हैं। साथ ही, विभाग की तरफ से यहां के बिजली चोरी करने वाले लोगों को कनेक्शन लेने के लिए एक हफ्ते का समय दिया गया है। जिन लोगों ने मीटर के पहले कट लगा रखे हैं उनको भी दूसरा मीटर लगवाने की चेतावनी दी गई है।
टीम में अधिशासी अभियंता अनुभव कुमार, उपखंड अधिकारी निखिल जिंदल, मुकेश चौरसिया, सहायक अभियंता मीटर चारू यादव, कोतवाली सुनील कुमार तिवारी ओरछा गेट प्रभारी चौकी प्रभारी सुभाष, विजिलेंस उपनिरीक्षक एसके द्विवेदी, अवर अभियंता सदागुरुशरण, रमेश चंद्र, चंद्रभान, बलराम मौजूद रहे। इधर, नरसिंह राव टौरिया, नई बस्ती, बाहर दतिया गेट क्षेत्र में अधिशासी अभियंता डी यादवेंदु के निर्देश पर चेकिंग की गई। इस दौरान 11 उपभोक्ताओं को डायरेक्ट व मीटर बाईपास बिजली जलाते पकड़ा गया। उक्त सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। टीम में उपखंड अधिकारी धर्मवीर सिंह, अवर अभियंता संतोष, रवि तिवारी आदि शामिल रहे।
ओरछा गेट फीडर से 40 फीसदी लोड घटा
गल्लामंडी सबस्टेशन से जुड़े ओरछा गेट फीडर से अंदर- बाहर ओरछा गेट, कसाई मंडी, बाहर सैंयर गेट, मदकखाना, कपूर टेकरी व आसपास के मुहल्लों की बिजली जुड़ी है। शुक्रवार की कार्रवाई के बाद उक्त फीडर पर 40 फीसदी बिजली का लोड कम हो गया।