झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में पिछले 12 दिनों से कार्य बहिष्कार कर रहे जूनियर डॉक्टर शुक्रवार को काम पर लौट आए। जूनियर डॉक्टरों ने ओपीडी और इमरजेंसी में अपनी सेवाएं दीं। हालांकि, काम के दौरान विरोध के तौर पर काली पट्टी बांधे रहे।
नीट काउंसलिंग जल्द कराने की मांग को लेकर जूनियर डॉक्टरों ने 27 दिसंबर को मेडिकल कॉलेज में कार्य बहिष्कार कर दिया था। वह ओपीडी में अपनी सेवाएं नहीं दे रहे थे। हालांकि, पिछले चार दिनों से जेआर ने इमरजेंसी सेवाएं भी ठप कर दी थीं। इससे मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। शुक्रवार से जूनियर डॉक्टर काम पर लौट आए। उन्होंने ओपीडी में भी मरीजों को देखा। साथ ही इमरजेंसी में भी सेवाएं दीं। दिनभर में 848 ओपीडी पर्चे बने। कई दिनों बाद मेडिकल कॉलेज में व्यवस्था सुचारु होने पर मरीजों को काफी राहत मिली। कई मरीज तो मध्य प्रदेश के दतिया, टीकमगढ़, निवाड़ी से भी इलाज कराने के लिए आए। जूडा अध्यक्ष डॉ. निखिल मिश्रा ने बताया कि सभी जूनियर डॉक्टरों ने काली पट्टी बांधकर शुक्रवार से काम शुरू कर दिया है। 16 दिसंबर तक उनकी मांग नहीं मानी जाती है तो फिर से कार्य बहिष्कार कर देंगे।