तालबेहट इलाके में युवती की की गला घोंटकर सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने भोगनीपुर (कानपुर देहात) से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक तीनों शादी कराने का सौदा करते हैं। उन लोगों ने युवती की शादी झांसी निवासी युवक से तय कर दी। युवक से पैसे भी ले लिए लेकिन, महिला शादी को राजी नहीं हो रही थी। इससे नाराज होकर आरोपियों ने महिला की हत्या करके उसकी 4 साल की मासूम बच्ची के साथ हाईवे पर फेंक कर भाग निकले थे। बच्ची को गंभीर हाल में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस हत्यारोपियों तक पहुंचने में कामयाब हुई।
मंगलवार तड़के करीब चार बजे थाना तालबेहट के टेकरी कट के पास से मासूम बच्ची गंभीर हाल में बरामद हुई थी जबकि करीब छह किलोमीटर दूर रेलवे स्टेशन पुल के पास झाड़ियों से युवती का शव मिला था। उनकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। दोनों के मां -बेटी होने का अंदेशा था। पुलिस के सीसीटीवी कैमरे एवं बीटीएस खंगालने पर एक संदिग्ध कार की लोकेशन हाथ आई।
तालबेहट सीओ कुलदीप कुमार के मुताबिक छानबीन करने पर कार भोगनीपुर की मिली। भोगनीपुर में छानबीन से मालूम चला कि गुरगांव निवासी अखिलेश अपने दोस्त धर्मेंद्र और उसकी पत्नी रेखा के शादी करवाने का काम करता है। सुरागकशी करने पर तीनों पुलिस के हाथ आ गए। पूछताछ में उन लोगों ने पूरा राज उगलने के साथ ही हत्या की बात भी कुबूल कर ली। पूछताछ में बताया गांव की रहने वाली सावित्री उर्फ सुनीत (30) ने नितिन सचान से शादी की लेकिन नितिन के शराबी होने से सावित्री ने उसे छोड़ दिया।
इसके बाद अखिलेश ने सावित्री की शादी झांसी के शिवाजी नगर निवासी एक युवक से कराने की बात तय कर दी। इसके एवज में युवक ने उसे रुपये दिए। अखिलेश ने शनिवार को सावित्री और उसकी बच्ची को शिवाजी नगर लाकर छोड़ दिया लेकिन, एक दिन बाद ही सावित्री ने युवक के साथ रहने से इन्कार कर दिया। युवक ने अखिलेश को फोन करके सावित्री को वापस ले जाने को कहा। रविवार रात अखिलेश, धर्मेंद्र और रानी शिवाजी नगर से सावित्री और उसकी बच्ची को लेकर भोगनीपुर लौट रहे थे। पैसा वापस कर देने की वजह से तीनों सावित्री से बुरी तरह नाराज थे। गुस्से में आकर कार के अंदर पहले सावित्री को बुरी तरह पीटा। उसकी मासूम बच्ची का गला दबा दिया। पहले बच्ची को उन लोगों ने बाहर फेंक दिया। इसके बाद सावित्री की भी गला घोंटकर हत्या कर दी और उसका शव हाईवे पर फेंककर भाग निकले। सीओ के मुताबिक पुलिस ने कार भी बरामद कर ली है। कार में कांच की चूडिया़ं समेत खून के निशान मिले हैं।