झांसी। आने वाले दिनों में झांसी के किले के चारों ओर हरियाली नजर आएगी। इसके लिए तीन साल से जारी कवायद अब पूरी होने जा रही है। प्रधानमंत्री के दौरे की वजह से इस योजना की सारी बाधाएं दूर हो गईं हैं।
एक माह पहले तक किले के चारों ओर ऊबड़खाबड़ मैदान जंगली झाड़ियों से पटा नजर आता था, जिससे यहां लोगों का आवागमन भी नहीं होता था। तीन साल पहले इस मैदान में उद्यान तैयार करने की योजना बनाई गई थी। लेकिन, पुरातत्व विभाग की मंजूरी न मिलने की वजह से योजना लटकी हुई थी। यहां तक कि मैदान की सफाई तक नहीं हो पा रही थी। लेकिन, प्रधानमंत्री का दौरा तय होने के बाद यहां युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया गया था। पुरातत्व विभाग की सहमति से दिन-रात चले काम के बाद ऊबड़खाबड़ मैदान को सपाट कर दिया गया और गंदगी का नामोनिशान भी नहीं रहा। अब किले के चारों ओर के मैदान व पहाड़ियों को हरियाली से ढंकने की तैयारी कर ली गई है। इस पर घास उगाई जाएगी। इसके अलावा उद्यान भी तैयार किए जाएंगे। साथ ही सड़क की ओर दीवार हटाकर स्टील की ग्रिल लगाई जाएगी, जिससे किले के ऊपर से और सड़क से इस इलाके की खूबसूरती नजर आएगी। स्मार्ट सिटी मिशन योजना के तहत इस योजना को आकार दिया जाएगा।
स्मार्ट सिटी मिशन योजना के तहत 55 करोड़ रुपये की लागत से किले में नए लाइट एंड साउंड शो शुरू होगा व कैफेटेरिया का निर्माण किया जा रहा है। जबकि, बाहर फसाड लाइट लगाई जा रही हैं। वहीं, चारों ओर मैदान में घास लगाई जाएगी व उद्यान बनाए जाएंगे। इसकी योजना तैयारी है, जल्द काम शुरू होगा।
- रामतीर्थ सिंघल, महापौर