थाना प्रेमनगर इलाके के खातीबाबा क्षेत्र में एक बच्ची की बलि देने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर तीन लोगों को पकड़ लिया है। पुलिस उनसे थाने ले जाकर पूछताछ कर रही है।
कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि मुहल्ले के एक मकान में एक बच्ची की बलि दी जा रही है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मकान के भीतर एक गड्ढे के इर्दगिर्द तीन-चार लोग जमा हुए थे। पुलिस वहां मौजूद लोगों को थाने ले आई। सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस को मौके पर ही पूजा का सामान व शराब रखी हुई मिली थी। मौके के पर तीन वर्षीय एक बालिका और उसका पिता भी मौजूद था। पुलिस सभी को पूछताछ के लिए थाने ले आई।
पकड़े गए लोगों ने बताया कि वे घर में शौचालय बनाने जा रहे थे। इसी के लिए गड्ढा खोदा गया था और भूमि पूजन की प्रक्रिया चल रही थी। वहीं, जमीन से दफीना निकालने के लिए तांत्रिक क्रिया करने की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस की पड़ताल जारी है।