मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नौ अक्तूबर को झांसी आएंगे। मंगलवार को उनका मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी हो गया। वह पौने तीन घंटे झांसी में रुकेंगे। खेलकूद समारोह में हिस्सा लेने के साथ ही विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक भी करेंगे।
बृहस्पतिवार सुबह 09:35 बजे मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से झांसी के लिए रवाना होंगे। वह सुबह 10:55 बजे कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे। यहां से सीधे सुबह 11 बजे भानी देवी गोयल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में उनका आगमन होगा। विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित 36वीं क्षेत्रीय खेलकूद समारोह में हिस्सा लेंगे। यहां एक घंटे तक रुकने के बाद दोपहर 12 बजे कन्वेंशन सेंटर के लिए रवाना होंगे। 12:05 बजे कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे। एक घंटे तक झांसी के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद दोपहर 01:40 बजे कन्वेंशन सेंटर से हेलीकॉप्टर से जालौन के लिए रवाना हो जाएंगे।
21वीं बार झांसी आ रहे सीएम योगी
सीएम योगी 21वीं बार झांसी आ रहे हैं। उनके दूसरे कार्यकाल में यह चौथा दौरा है। सबसे पहले सीएम 20 अप्रैल 2017 को झांसी आए थे। पिछली बार 11 मार्च 2025 को सीएम का झांसी आगमन हुआ था। तब उन्होंने क्राफ्ट मेला मैदान में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना कार्यक्रम को संबोधित किया था। इसके अलावा अफसरों के साथ समीक्षा बैठक भी की थी।
कन्वेंशन सेंटर में बना हेलीपैड
सीएम के आगमन के मद्देनजर कन्वेंशन सेंटर में हेलीपैड का निर्माण कराया गया। इसके अलावा सेंटर के दूसरे छोर की सड़क भी बनकर तैयार हो गई है। हालांकि, रुक-रुककर हुई बारिश के चलते कई बार काम रोकना भी पड़ा। चूंकि, ग्वालियर रोड ओवरब्रिज के नीचे से होते हुए सीएम का काफिला भानी देवी गोयल इंटर कॉलेज पहुंचेगा, ऐसे में ओवरब्रिज के नीचे भी सड़क चकाचक की जा रही है। मंगलवार को डीएम मृदुल चौधरी, जेडीए उपाध्यक्ष आलोक यादव, एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, नगर आयुक्त सत्य प्रकाश समेत पुलिस-प्रशासन के अफसरों ने निरीक्षण कर तैयारियाें का जायजा लिया। ब्यूरो