उत्तर प्रदेश के झांसी में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के इर्द-गिर्द अवैध ढंग से कई अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। इनमें भ्रूण की जांच की जाती है।
मेडिकल जांच कराने मध्यप्रदेश से भी लोग आते हैं। इसकी शिकायत मध्यप्रदेश के ग्वालियर में मिल रही थीं। इस मामले पर ग्वालियर प्रशासन ने झांसी प्रशासन से संपर्क साधा है। दोनों जिलों की संयुक्त टीम मेडिकल कॉलेज के इर्द-गिर्द गोपनीय ढंग से फैल गई।
ग्वालियर की नायब तहसीलदार वंदना यादव ने अपने को गर्भवती महिला बताकर भ्रूण परीक्षण कराने के लिए आंगनबाड़ी सहायिका से संपर्क किया। सहायिका ने दलाल से मिलवाया।
दलाल नायब तहसीलदार को बाइक पर बैठाकर सेंटर ले गया। यहां 10 हजार रुपये में सौदा तय हुआ और भ्रूण परीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इसी बीच टीम ने छापा मार दिया। छापे के बाद मशीन को सील कर दिया गया है। इससे पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
भ्रूण जांच का अड्डा बना झांसी
मेडिकल कॉलेज के आसपास का इलाका भ्रूण जांच का अड्डा बना हुआ है। यहां तमाम दलाल सक्रिय रहते हैं, जो गर्भवती महिलाओं की भ्रूण जांच में मदद करते हैं। किसी को इस गोरखधंधे की खबर न लगे, इसके लिए पूरी सावधानी बरती जाती है। स्थानीय लोगों की जांच नहीं की जाती है। बाहरी जनपदों के लोगों को ही इन सेंटरों पर जांच की जाती है।