झांसी पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य
- फोटो : अमर उजाला
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन पर वोट बैंक की खातिर पत्थरबाजों का साथ देने का आरोप लगाया।
बुधवार को झांसी पहुंचे डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने सर्किट हाउस में पत्रकारों के पूछे सवाल के जवाब में कहा अखिलेश हमेशा दंगाई एवं पत्थरबाजों की बात करते हैं। कभी ऐसे हमलों में घायल पुलिस बल अथवा छोटे दुकानदारों के नुकसान की बात नहीं करते। सिर्फ वोट बैंक की राजनीति से हालत बिगड़ते हैं। कहा, अखिलेश चार सौ सीट न जीत पाने की वजह से अभी तक बौखलाए हैं। डिप्टी सीएम ने कांग्रेस एवं राहुल गांधी पर भी जमकर निशाना साधा।
उन्होंने राहुल के ईडी से पूछताछ के बाद कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन को चोर मचाए शोर जैसा आचरण करार दिया। डिप्टी सीएम ने कहा गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को ईडी से लेकर सीबीआई तक ने तलब किया लेकिन भाजपा ने कभी जांच एजेंसी पर दबाव नहीं बनाया। अब राहुल गांधी से जब पूछताछ हो रही है तब गांधी परिवार ने पूरी कांग्रेस को सड़कों पर उतार दिया।
डिप्टी सीएम ने इसकी निंदा करते हुए कहा गांधी परिवार के लिए देश नहीं बल्कि व्यक्ति बड़ा है। कहा, इस देश में न्यायालय है। जांच एजेंसी से संतुष्ट न होने वाले को न्यायालय की शरण लेनी चाहिए। सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने की परंपरा गलत है। सैन्य प्रशिक्षण के सवाल पर उन्होंने कहा कई देशों में इसकी व्यवस्था पहले से ही है। उन देशों में नागरिकों को भी सैन्य प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके पहले उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सर्किट हाउस में एक दर्जन से अधिक विकास कार्यों का शिलान्यास किया।