उपचार एवं प्रसूता की देखरेख के लिए विवेक ने गांव के साहूकार से ब्याज पर 45 हजार रुपये कर्जा ले लिया। कुछ दिनों पहले यह बात रोहिणी को पता चली। पति-पत्नी के बीच इसे लेकर विवाद छिड़ गया।
राठ के औंता थाना निवासी रोहिणी (25) पत्नी विवेक ने पति के कर्ज लेने से नाराज होकर जहर निगल लिया। अचेत हाल में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। मंगलवार दोपहर हालत बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
विज्ञापन
औंता गांव निवासी विवेक प्राइवेट काम करता है। डेढ़ साल पहले उसकी शादी रोहिणी से हुई थी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि पिछले माह रोहिणी को बेटा हुआ। उपचार एवं प्रसूता की देखरेख के लिए विवेक ने गांव के साहूकार से ब्याज पर 45 हजार रुपये कर्जा ले लिया। कुछ दिनों पहले यह बात रोहिणी को पता चली। रोहिणी पति के कर्ज लेने से नाराज हो गई। पति-पत्नी के बीच इसे लेकर विवाद छिड़ गया। रविवार को भी दोनों में इसी बात को लेकर विवाद हुआ। नाराज होकर विवेक घर से बाहर निकल गया।
करीब दो घंटे बाद रोहिणी का फोन आया। उसकी आवाज न आने पर जब विवेक ने घर जाकर देखा, तब रोहिणी बिस्तर पर अचेत पड़ी थी। पास में जहर की शीशी पड़ी थी। पत्नी को लेकर पहले वह उरई स्थित अस्पताल पहुंचा। डॉक्टरों ने उसके जहर निगलने की पुष्टि की। हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने रोहिणी को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रविवार रात रोहिणी को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती करा दिया गया। मंगलवार को उसकी हालत बिगड़ गई। उसकी मौत से पति समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। निरीक्षक संतोष अवस्थी का कहना है दपंती के बीच आपसी विवाद था।