झांसी। रेल मंडल के डबरा व कोटरा स्टेशन के बीच जेसीबी मशीन से खुदाई के दौरान टेलीकॉम सिग्नल केबल क्षतिग्रस्त हो गई। इससे अप और डाउन की पांच ट्रेनें लेट हो गईं। रेलवे ने जांच के बाद कंपनी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
डबरा व कोटरा स्टेशन के बीच तीसरी रेल लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इस काम को प्राइवेट कंपनी पूरा कर रही है। शुक्रवार की सुबह चार बजे कंपनी कर्मचारियों ने जेसीबी से खुदाई के दौरान टेलीकॉम सिग्नल केबल को क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे टेलीकाम सिग्नल केबल ने काम बंद कर दिया। अप और डाउन की ट्रेनें अलग- अलग स्टेशनों पर खड़ी हो गईं। खबर लगते ही एसएनटी कर्मी मौके पर पहुंच गए। करीब सवा घंटे बाद केबल को ठीक कर यातायात सामान्य बनाया गया। केबल क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्वालियर से झांसी की तरफ आ रहीं 08566 निजामुद्दीन विशाखापटनम स्पेशल एक्सप्रेस, 05428 न्यू कोच बिहार स्पेशल, एक एसी खाली इंजन व झांसी से ग्वालियर की तरफ जाने वाली 02723 एपी एक्सप्रेस, 02883 छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 04319 इंदौर बरेली साप्ताहिक एक्सप्रेस लेट हो गईं। ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री परेशान रहे।
वहीं, यातायात सामान्य होने के बाद आरपीएफ व सीनियर सेक्शन इंजीनियर ने मौके पर पहुंच जांच की। जांच में कंपनी कर्मचारियों की लापरवाही गई। इस लापरवाही को लेकर कंपनी पर एक लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है।