झांसी। राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज के हॉस्टल में एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किए गए आठों आरोपियों से दिनभर गहन पूछताछ होती रही। पाया गया कि आरोपी छात्रों की पहले से ही छात्रा व छात्र को पकड़कर अश्लील वीडियो बनाने की योजना थी, जिससे कि दोनों को ब्लैकमेल किया जा सके। रविवार को मौका मिलते ही इन लोगों ने घटना को अंजाम दिया। मुख्य आरोपी रोहित का डीएनए जांच के लिए सैंपल लिया गया। शाम को सभी आरोपियों को कड़ी सुरक्षा में अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। घटना के बाद कालेज प्रशासन ने हॉस्टल को सील कर दिया है। वही, दिनदहाड़े हुई इस घटना के विरोध में बसपा कार्यकर्ताओं ने कानून व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उत्तर प्रदेश महिला व्यापार मंडल ने भी अधिवक्ताओं से आरोपियों का मुकदमा न लड़ने की अपील की है।
रविवार की सुबह 11 बजे पालीटेक्निक हॉस्टल के पास अपने दोस्त से बात करते समय घसीटकर ले जाई गई छात्रा के साथ की गई हैवानियत की घटना के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देकर देररात तक प्रकाश में आए सभी आठ आरोपी महोबा के थाना कुलपहाड़ निवासी रोहित कुमार सैनी, महोबा के जिला कबरई के छानी कला निवासी भरत कुमार कुशवाहा, गोंडा के थाना वजीरगंज अंतर्गत मोहल्ला पाठकपुरवा निवासी शैलेंद्र नाथ पाठक, थाना टहरौली के खिल्लावारी गांव निवासी मयंक शिवहरे, प्रयागराज के थाना थरवई निवासी विपिन तिवारी व मऊरानीपुर के रानीपुर अंतर्गत रौनयापुरा मोहल्ला निवासी मोनू को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद सभी आरोपी छात्रों से लगातार पूछताछ की जाती रही। इस बात का भी पता लगाया गया कि आखिर छात्रों के पास चाबी कैसे पहुंची। जानकारी में आया कि इन लोगों ने डुप्लीकेट चाबी बनवा रखी थी। इस मामले में पालीटेक्निक प्रशासन भी जांच करा रहा है।