झांसी। मेडिकल कॉलेज की सेंट्रल लैब में एक इंटर्न डॉक्टर को ‘भइया’ कहना भारी पड़ गया। संबोधन सुनते ही इंटर्न भड़क गया और कंप्यूटर ऑपरेटर को हिदायत दे डाली कि ‘भइया नहीं, मुझे बॉस बोलो’। बात इतनी बढ़ गई कि इंटर्न ने फोन कर अपने पांच-छह साथियों को बुला लिया। बाद में लैब इंचार्ज और विभागाध्यक्ष ने मामला शांत कराया।
आरोप है कि सभी ने मिलकर दोनों रजिस्ट्रेशन ऑपरेटरों से अभद्रता की और कॉलर पकड़कर उन्हें केबिन से बाहर खींच लिया। लैब इंचार्ज और विभागाध्यक्ष के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। इस दौरान रजिस्ट्रेशन का काम भी प्रभावित रहा और मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी।
सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वर्ष 2021-22 बैच का एक इंटर्न मेडिकल कॉलेज की सेंट्रल लैब के रजिस्ट्रेशन काउंटर पर पहुंचा। उस समय मरीजों की जांच के लिए लंबी कतार लगी थी। इंटर्न ने बंद दरवाजा खोलने को कहा। इस पर वहां मौजूद कंप्यूटर ऑपरेटर ने जवाब दिया, ‘भइया, दरवाजा खोल रहा हूं। पहले हाथ में मौजूद मरीज की जांच पर्ची बना लूं।’ आरोप है कि यह सुनते ही इंटर्न तमतमा गया। दरवाजा खुलने पर उसने ऑपरेटर से अभद्रता करते हुए कहा, ‘भइया नहीं, मुझे बॉस बोलो’।
बीचबचाव करने पर दूसरे ऑपरेटर से भी अभद्रता
पास में बैठे दूसरे कंप्यूटर ऑपरेटर ने बीचबचाव करने का प्रयास किया तो इंटर्न ने उससे भी अभद्रता शुरू कर दी। इसके बाद उसने फोन करके अपने पांच-छह साथियों को बुला लिया। उनके साथ वर्ष 2023-24 बैच का एक मेडिकल छात्र भी पहुंच गया। ऑपरेटरों के मुताबिक, इसके बाद सभी ने उनके साथ अभद्रता की और कॉलर पकड़कर केबिन से बाहर खींच लिया।
लैब इंचार्ज और विभागाध्यक्ष ने कराया शांत
विवाद की जानकारी मिलने पर लैब इंचार्ज डॉ. अवनी जैन मौके पर पहुंचीं। उन्होंने इंटर्न और उसके साथियों को समझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. पल्लवी अग्रवाल भी लैब पहुंच गईं। दोनों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
रजिस्ट्रेशन बंद होने से मरीज होते रहे परेशान
विवाद के दौरान दोनों कंप्यूटर ऑपरेटरों को केबिन से बाहर कर दिया गया। इससे जांच के लिए होने वाले रजिस्ट्रेशन का काम रुक गया। काउंटर पर मरीजों की कतार लगी रही। स्थिति को देखते हुए जांच रिपोर्ट काउंटर पर तैनात ऑपरेटर को रजिस्ट्रेशन की जिम्मेदारी सौंपी गई। इससे जांच रिपोर्ट लेने पहुंचे मरीजों को भी इंतजार करना पड़ा।
कोट-
विवाद की जानकारी मिली है। मामले को शांत करा दिया गया था। हालांकि अब तक इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।
- डॉ. सुधीर कुमार, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज