झांसी। कोरोना वायरस के चलते इस बार स्कूल कॉलेजों में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष में होने वाले कार्यक्रमों में विद्यार्थी प्रतिभाग नहीं कर पाएंगे। आजादी के बाद यह संभव: पहला इस तरह का अवसर होगा। हालांकि ध्वजारोहण अवसर पर सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। विद्यार्थियों को राष्ट्रभक्ति का संदेश ऑनलाइन दिया जाएगा।
हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर स्कूल, कॉलेजों में सांस्कृतिक एवं देश भक्ति के कार्यक्रम होते हैं। लेकिन इस बार कोरोना वायरस के कारण सभी स्कूल, कॉलेज मार्च से ही बंद है। हालांकि सरकारी स्कूलों में शिक्षकों को बुलाया जा रहा है। ताकि वह विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई कराए। बीएसए हरिवंश कुमार ने बताया कि कल शनिवार को स्कूल खुलेंगे और ध्वजारोहण होगा। प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री का संदेश पढ़ा जाएगा। कोई सभा नहीं होगी। विद्यार्थियों को बुलाने के कोई निर्देश नहीं है। इधर जिला विद्यालय निरीक्षक कोमल यादव ने बताया कि विद्यार्थी नहीं आएंगे। विद्यालयों में ध्वजारोहण होगा। विद्यार्थियों को ऑनलाइन संदेश दिया जाएगा।