झांसी। यूक्रेन में रूस के हमले से बेचैन भारतीय छात्रों की हिम्मत झांसी के अक्षेंद्र ने बढ़ाई। सारथी बनकर वह कई छात्रों को लेकर स्वदेश लौटने के लिए यूक्रेन से हंगरी की तरफ बढ़ गया। देर रात तक वह यूक्रेन के आखिरी रेलवे स्टेशन पहुंचा। सोमवार तक साथियों के साथ भारत लौटने की संभावना है।
आशिक चौराहा निवासी धर्मेंद्र बादल के बेटे अक्षेंद्र बादल यूक्रेन की उजहोरोड नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस-एमडी की पढ़ाई कर रहा है। रूस के हमले के बाद वहां पर हालात बद से बदतर होने लगे तो उसके दोस्त घबरा गए। अक्षेंद्र के मुताबिक कई छात्रों ने तो यहां तक कह दिया कि अब वो बचकर स्वदेश नहीं लौट पाएंगे। परिजनों से बातचीत करते हुए छात्र फूट-फूटकर रोए। इन हालातों में अक्षेंद्र ने अपने साथियों की हौसलाअफजाई की। खुद ही प्राइवेट टैक्सी बुक की और साथियों को लेकर निकल पड़ा हंगरी की तरफ पड़ने वाले यूक्रेन के अंतिम रेलवे स्टेशन चॉप की ओर। रात तक सभी स्टेशन पहुंच गए। मगर वहां पर कई देशों के छात्रों की भीड़ टिकट के लिए कतार लगाए खड़ी थी। यह आलम देखकर फिर उसके साथियों का हौसला टूटा। तब अक्षेंद्र ने कहा कि वह सभी साथियों को सुरक्षित यूक्रेन से बाहर निकालकर ही रहेगा। अक्षेंद्र के पिता धर्मेंद्र बादल ने बताया कि देर रात तक हंगरी के जोहनी बॉर्डर पहुंचने के लिए ट्रेन नहीं मिल पाई थी। संभावना है कि रविवार को उनका बेटा दोस्तों को लेकर बॉर्डर पहुंच जाएगा। वहां पर पासपोर्ट आदि की जांच होकर दस्तावेज तैयार किए जाएंगे। फिर सभी हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट जाएंगे। भारतीय एंबेसी के अधिकारियों से संपर्क साधेंगे। सोमवार तक सभी के भारत लौटने की संभावना है।
यूक्रेन में फंसे लोगों के लिए टोल फ्री नंबर जारी
झांसी। प्रदेश सरकार ने यूक्रेन में फंसे विद्यार्थी को सहायता पहुंचाने के लिए विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास की ओर से समन्वयक के लिए राहत आयुक्त एवं सचिव राजस्व विभाग को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में भी राज्य कंट्रोल रूम 24 घंटे स्थापित किया गया है। इसका टोल फ्री नंबर 9454441081 और ई-मेल आईडी rahat@nic.in है। कंट्रोल रूम का नंबर 01502371100, 01502371199 है। इन नंबरों पर संपर्क स्थापित करते हुए यूक्रेन में फंसे लोगों और उन्हें वापस लाने की सूचना दर्ज करा सकते हैं।