झांसी। प्रेमनगर के राजगढ़ इलाके में मामूली विवाद में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। एक युवक ने महिला को लाठियों से पीट दिया। महिला ने भी लाठी से युवक की धुनाई की। किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने घायल पक्ष की तहरीर पर अशोक समेत सात के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
बताया जा रहा कि राजगढ़ इलाके में धर्मेंद्र एवं अशोक अहरिवार पड़ोसी हैं। दोनों के मकान के पास एक खाली प्लॉट पड़ा है। यहां गंदगी फैलाने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। थोड़ी देर में अशोक एवं धर्मेंद्र की तरफ से परिजन भी आ गए। इसी विवाद के बीच लाठियां निकल आईं। आरोप है कि अशोक के पक्ष के पुरूषों ने लाठियों से महिलाओं की पिटाई की। धर्मेद्र की बहन ऊषा को भी लाठियों से मारा गया। वीडियो में ऊषा भी लाठियां चलाती हुई दिख रही है। मारपीट में दोनों पक्ष से ही घायल हुए। पुलिस ने सभी का मेडिकल परीक्षण कराया। इंस्पेक्टर रणविजय सिंह के मुताबिक धर्मेंद्र की तहरीर पर अशोक अहिरवार समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।