- ग्राम पंचायत धायपुरा में लगाई किसान पंचायत
संवाद न्यूज एजेंसी
खिलारा। उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस के बैनर तले प्रदेशाध्यक्ष शिवनारायण सिंह परिहार के नेतृत्व में सोमवार को ग्राम पंचायत धायपुरा में विद्युत विभाग के खिलाफ किसान पंचायत लगाई गई। जिसमें ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घेराव करने की चेतावनी दी।
ग्राम के विद्युत उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक पखवाड़े से 100 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर फुंकने से 4 हजार की आबादी अंधेरे में डूबी हुई है। जिससे महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग मच्छर काटने से बीमार हो रहे हैं साथ में बारिश में रात में जहरीले जीव जंतुओं के काटने का खतरा बना रहता है। बिजली उपकेंद्र भंडरा पर तैनात विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर से लाइट नहीं आने की शिकायत की लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने कहा कि अब समस्या बर्दाश्त से बाहर हो गई है अगर 24 घंटे में विद्युत व्यवस्था सुचारू रूप से चालू नहीं की जाती तथा ट्रांसफार्मर को नहीं बदला जाता है तो मजबूरन विद्युत विभाग का घेराव करना पड़ेगा। जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। किसान पंचायत में लोगों ने अपनी और भी समस्याएं गिनाईं। बताया कि गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय, पंचायत भवन, प्राचीन हनुमान मंदिर तथा खेतों पर जाने के रास्ते में कुडार नदी पर एक नीचा रिपटा बना हुआ है, जो बरसात में डूब क्षेत्र में आ जाता है। जिससे यहां के छात्र, छात्राएं स्कूल पढ़ने के लिए नहीं जा पाते और यदि स्कूल जाना पड़े तो नदी के पानी में डूबी हुई सड़क पर जान जोखिम डालकर स्कूल जाना पड़ता है। पंचायत भवन के काम भी समय से नहीं हो पाते हैं। प्राचीन हनुमान मंदिर में पूजा पाठ करने भक्त नहीं पहुंच पाते हैं।
इसके अलावा हर घर नल जल योजना के तहत पाइप लाइन डालने के बाद भी आधे गांव में पीने के पानी का संकट बना हुआ है। अगर समस्याओं का समाधान नहीं होता है तो हम लोगों को मजबूर होकर धरना प्रदर्शन करना पड़ेगा। इस मौके पर किसान नेता शिवनारायन सिंह परिहार ने मोबाइल से एसडीएम मऊरानीपुर अजय कुमार यादव से गांव की 15 दिनों से ध्वस्त पड़ी विद्युत समस्या के बारे में अवगत कराया। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर को बदलवाकर विद्युत की आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।
किसान पंचायत में शेखराज बड़ोनिया, प्यारेलाल बेधड़क, दीनदयाल गुप्ता, भानूप्रताप यादव, जमुना प्रसाद गुप्ता, परमानंद पाठक, सौरभ गुप्ता, अरुण रावत, गनेश बिचपुरिया, दीपेश गुप्ता, आशाराम कुशवाहा, तेज खान, शहीद खां उपस्थित रहे।