झांसी। मां ने शराब के लिए पैसा देने से इंकार कर दिया तो एक युवक ने ट्रेन के सामने छलांग लगाकर जान दे दी। मरने से पहले उसने अपनी कलाई पर भाई का मोबाइल नंबर और घर का पता लिखा था, इसकी मदद से उसकी शिनाख्त की गई। प्रेमनगर पुलिस के मुताबिक हंसारी टपरियर निवासी राकेश अहिरवार उर्फ कालिया (36) पुत्र विकास अहिरवार दिव्यांग था। वह छोटे-मोटे काम करता था। उसकी शादी नहीं हुई थी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि राकेश शराब पीने का आदी था। मंगलवार को उसके पास पैसा नहीं था। वह घर आया और मां से शराब पीने के लिए 100 रुपये मांगने लगा। मां ने शराब के लिए पैसा देने से मना कर दिया। इसको लेकर वह मां से काफी देर तक झगड़ा करता रहा। इसके बाद भी जब मां राजी नहीं हुईं तब राकेश ने अपना मोबाइल फोन वहीं फेंक दिया और घर से बाहर निकल गया।
देर-रात तक वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। बुधवार सुबह उसका शव झांसी-प्रयागराज रेलवे ट्रैक पर मिला। आशंका जताई जा रही कि देर-रात उसने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। उसके हाथ की कलाई पर पेन से भाई का मोबाइल नंबर के साथ ही घर का पता लिखा था। परिजनों ने थाने पहुंचकर उसकी शिनाख्त की। इंस्पेक्टर प्रेमनगर संजय मिश्रा के मुताबिक राकेश शराब का आदी था। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।