लूट की रकम से खरीदे जेवरात
हत्या करने के बाद दोनों ट्रेन में सवार होकर फरीदाबाद गए थे। यहां कुछ घंटे रुकने के बाद दोनों ने रुपये की गिनती की। इसके बाद कुछ रकम निकालकर खरीदारी करने बाजार आ गए। यहां से एक लाख तीस हजार रुपये में चार सोने की अंगूठियां, एक मंगलसूत्र, दो झुमकी, एक चेन, ब्रेसलेट, ॅ पायल, चार बिछिया आदि सामान खरीदकर हरियाणा के मेवात चले गए थे।
कनाडा भागने की थी तैयारी
गिरफ्तार अभय अग्रवाल कनाडा जाने की फिराक में था। घटना वाले दिन नहीं पकड़ा जाता तो रविवार को वह कनाडा भाग जाता। बताया गया है कि उसकी पुत्री कनाडा में पढ़ाई कर रही है।
जम्मू कश्मीर निकलने वाले थे
हत्याकांड के मुख्य आरोपी हंसराज व उसकी पत्नी प्रियंका ने जम्मू कश्मीर जाने की तैयारी कर रखी थी। इसके लिए बाकायदा पहले से ही ट्रेन से आरक्षण भी करा लिया था। ट्रेन झांसी से ही पकड़नी थी और शुक्रवार को दोनों पहुंच गए। इसी दौरान पुलिस ने धर दबोचा।
दतिया ले जाकर हत्या की भी थी साजिश
इन लोगों की बलवीर के अपहरण की भी तैयारी थी। बलवीर का दतिया में फ्लैट है। इन लोगों ने योजना बना रखी थी कि बलवीर का अपहरण कर फिरौती वसूली जाएगी। तीस लाख रुपये मांगने की साजिश थी, लेकिन शनिवार को बलवीर रकम लेकर फ्लैट पर आ गया। रकम देखकर तीनों की नीयत खराब हो गई। इसके बाद उसे उसे मार डाला।
पत्नी ने गिनकर दी थी रकम
मृतक बलवीर ने फ्लैट की रजिस्ट्री कराने के लिए चार दिन पहले बैंक रकम लाकर घर में रखी थी। शनिवार को रजिस्ट्री कराने के लिए पत्नी से रुपये मांगे। पत्नी ने अलमारी से रुपये निकालकर रकम गिनकर दी। इसके बाद बैग में रकम लेकर सीधे रजिस्ट्री कार्यालय न जाकर फ्लैट पर पहुंच गए। इसके बाद उनकी हत्या कर दी गई।
एडीजी व डीआईजी देंगे पुरस्कार
एडीजी प्रेमप्रकाश व डीआईजी सुभाष सिंह बघेल खुलासा करने वाली टीम में शामिल एसपी सिटी श्रीप्रकाश द्विवेदी, एसपी देहात राहुल मिठास, सीओ सिटी जितेंद्र सिंह परिहार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार द्विवेदी, स्वॉट टीम प्रभारी जितेंद्र सिंह तक्खर, नवाबाद प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह, रक्सा व सर्विलांस प्रभारी विजय कुमार पांडेय, राजीव सिंह, एसआई सुरेंद्र प्रताप सिंह, प्रमोद कुमार तिवारी, विक्रम सिंह, सोमेश सिंह, राकेश कुमार, दुर्गेश चौहान, प्रदीप सेंगर, योगेंद्र चौहान, सतपाल, शैलेंद्र चौहान, पदम गोस्वामी, विमलेंद्र, रमेश, अनुपमा व अंजुल को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित करेंगे।