झांसी। मंगलवार देर-रात पत्नी के साथ घर वापस लौट रहे बाइक सवार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। दुर्घटना में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई है। उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
परिजनों के मुताबिक मप्र के शिवपुरी के दिनारा गांव निवासी धनीराम साहू (52) पुत्र मंशाराम गांव में रहकर छोटा-मोटा काम करता था। उसने अपने बड़े बेटे की शादी तय की हुई थी। धनीराम का बड़ा भाई रामबहादुर बबीना के डमरोल गांव में रहता है। धनीराम विवाह के लिए उससे मशवरा करने मंगलवार को अपनी पत्नी कुसुम के साथ गया था। परिजनों का कहना है कि बातचीत के बाद धनीराम पत्नी को लेकर बाइक से घर लौट रहा था जैसे ही वह मुख्य सड़क की ओर आया, उसे पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने टक्कर मार दी। इससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। सड़क के किनारे पड़ा पत्थर धनीराम के सिर में लग गया। इससे वह वहीं अचेत हो गया। पत्नी को भी हाथ, पांव एवं सिर में गंभीर चोट आ गई। राहगीरों की सूचना पर पीआवी पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसने दोनों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। यहां सुबह धनीराम की मौत हो गई जबकि पत्नी कुसुम की हालत अभी तक नाजुक बनी हुई है। वह मेडिकल कालेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती है।