अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बड़ागांव के मवई गिर्द गांव में विवाह के 17 साल बाद पत्नी के दूसरे शादी रचा लेने से दुखी पति ने मंगलवार को फंदे से लटककर जान दे दी। परिजनों का कहना है कि वह बच्चों को भी अपने साथ ले गई। इससे युवक डिप्रेशन में रहने लगा था। देर रात शराब पीकर लौटने के बाद कमरे में फंदा लगा लिया।
मवई गिर्द निवासी जगदीश कुशवाहा (36) पुत्र बिहारी प्राइवेट काम करता था। परिजनों ने बताया कि 2008 में उसकी शादी पड़ोस के गांव निवासी युवती से हुई थी। दंपती को एक बेटी एवं एक बेटा है। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। जगदीश शराब पीने के बाद पत्नी को पीटता भी था। नाराज होकर पत्नी तीन महीने पहले मायके चली गई। दोनों बच्चों को भी साथ ले गई। कुछ दिनों पहले उसने जवाहरपुर गांव निवासी एक युवक से शादी रचा ली।
इसका पता चलने पर जगदीश ने पत्नी को फोन किया। दोनों का फोन पर विवाद भी हुआ। इसी दिन जगदीश ने पड़ोसियों से भी झगड़ा किया। शाम को शराब पीकर घर आया। देर-रात उसका भाई कालीचरण ने कमरे में जगदीश को फंदे से लटका देखा। सूचना पर बड़ागांव पुलिस भी पहुंच गई। बड़ागांव थाना प्रभारी प्रकाश सिंह के मुताबिक, पत्नी के जाने के बाद से जगदीश डिप्रेशन में रहने लगा था।