संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। कस्बे में बारिश की वजह से शीतला माता मंदिर के निकट एक मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के दौरान मकान में मौजूद कृष्णा गिरि घायल हो गए। मकान के धराशायी होने से घर में रखा गृहस्थी का सामान मलबे के नीचे दब गया, जिससे परिवार को काफी नुकसान होने की बात सामने आई है।
बताया गया कि बारिश के कारण मकान की दीवारें और छत कमजोर हो गई थीं। सुबह करीब सात बजे अचानक मकान का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे सामान को निकालने में जुट गए। हादसे में कृष्णा गिरि के घायल होने पर परिजनों और आसपास के लोगों ने उन्हें उपचार के लिए भेजा। मकान गिरने से चारपाई, बिस्तर, कपड़े, घरेलू उपयोग का सामान सहित अन्य गृहस्थी का सामान मलबे में दब गया। अचानक हुए हादसे से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। एसडीएम माज अख्तर ने बताया कि जांच कराकर जो भी संभव मदद होगी प्रशासन करेगा।