संवाद न्यूज एजेंसी
बंगरा। झांसी-खजुराहो हाईवे पर बंगरा के निमोनी तिगैला के पास कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
छतरपुर के चौबे कॉलोनी निवासी संदीप मिश्रा पत्नी के साथ कार से झांसी से छतरपुर जा रहे थे। इसी दौरान मऊरानीपुर की ओर से आ रही बाइक, जिस पर बलवीर पाल निवासी पिछोर और जावेद खान निवासी निवाड़ी सवार थे। हाईवे पर बंगरा के निमोनी तिगैला के पास बाइक कार से टकरा गई, जिससे दोनों बाइक सवार घायल हो गए। सूचना पर बंगरा चौकी प्रभारी शिव शंकर प्रताप तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर भेजा गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को एनएचएआई की क्रेन की मदद से हाईवे से हटाया गया। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।