झांसी के सखी के हनुमान जी मंदिर में पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा।
- फोटो : संवाद
पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य डा. दिनेश शर्मा ने भी हिंदुओं के लिए तीन बच्चे पैदा करने की वकालत की है। शुक्रवार को झांसी में सखी के हनुमान मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे पूर्व उपमुख्यमंत्री ने सरसंघचालक के तीन बच्चों के सिद्धांत से सहमति जताते हुए कहा कि एक बच्चे का सिद्धांत घातक है। यह रिश्तों को कमजोर कर रहा है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि कश्मीर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश समेत दस राज्यों में हिंदू अल्पसंख्यक हो गए हैं। यहां उनको अल्पसंख्यक का दर्जा मिलना चाहिए। 102 जिलों में हिंदू अल्पसंख्यक हैं, उसको अल्पसंख्यक के अधिकार मिलने चाहिए।
आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने को लेकर पूछे सवाल के जवाब में पूर्व डिप्टी सीएम ने राघव चड्ढा की तारीफ करते हुए उनको अच्छा वक्ता बताया। कहा कि उन्होंने कुछ अच्छे मुद्दे उठाए लेकिन, आम आदमी पार्टी को यह अच्छा नहीं लगा। वह अब खास आदमियों की पार्टी बन चुकी है। यूजीसी के सवाल पर उन्होंने कुछ दिनों तक और इंतजार करने की बात कही। पश्चिम एशिया में छिड़े युद्ध के दौरान विपक्ष पर गैस किल्लत की अफवाह फैलाने का आरोप लगाया। कहा कि केंद्र सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। तेल के दाम स्थिर रखने के लिए सरकार ने एक्साइज डयूटी कम की है। इस दौरान मंत्री मनोहर लाल कोरी, महापौर बिहारी लाल आर्य, अर्पित महाराज, विधायक जवाहरलाल राजपूत, विधायक रामरतन कुशवाहा, एमएलसी बाबूलाल तिवारी, रामतीर्थ सिंघल, विधायक रश्मि आर्या, पीठाधीश्वर नागा मोहनदास महाराज आदि मौजूद रहे।