फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhansi: जनता के काम ठप, पार्षदों के सैर पर खर्च होंगे 50 लाख, गुवाहाटी से लेकर गोवा तक कर रहे शैक्षिक भ्रमण

Sat, 04 Apr 2026 01:48 AM IST
झांसी ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क

सार

गहरे वित्तीय संकट का हवाला देकर नगर निगम ने आम जनता के कई जरूरी काम बंद करा दिए हैं, लेकिन पार्षदों के शैक्षिक भ्रमण पर होने वाले खर्च में कटौती नहीं की गई।
विज्ञापन
नगर निगम, झांसी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गहरे वित्तीय संकट का हवाला देकर नगर निगम ने आम जनता के कई जरूरी काम बंद करा दिए हैं, लेकिन पार्षदों के शैक्षिक भ्रमण पर होने वाले खर्च में कटौती नहीं की गई। खस्ताहाल निगम के चालू वित्तीय वर्ष के बजट में पार्षदों के शैक्षिक भ्रमण के लिए 50 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि पिछले वर्ष इस मद में 28.37 लाख रुपये खर्च हुए थे।
विज्ञापन


नगर निगम हर वर्ष पार्षदों को शैक्षिक भ्रमण पर भेजता है, ताकि वे अन्य शहरों की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर स्थानीय स्तर पर सुधार ला सकें। हालांकि अब तक कई भ्रमण हो चुके हैं, लेकिन किसी भी भ्रमण की रिपोर्ट सदन में प्रस्तुत नहीं की गई। इसके बावजूद इस मद का बजट बढ़ता जा रहा है। निगम के रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2021 में शैक्षिक भ्रमण पर 35.74 लाख रुपये खर्च हुए थे, जबकि वर्ष 2024 में यह बढ़कर 40.38 लाख रुपये हो गया। चालू वित्तीय वर्ष में यह राशि सीधे 50 लाख रुपये तक पहुंच गई है। गौरतलब है कि पार्षदों के ये भ्रमण अधिकतर पर्यटन स्थलों-लेह, लद्दाख, गुवाहाटी और गोवा तक ही सीमित रहे हैं। इस बार भी पार्षदों का दल गुवाहाटी गया हुआ है। महापौर बिहारीलाल आर्या का कहना है कि शैक्षिक भ्रमण से लौटने वाले पार्षदों से रिपोर्ट मांगी जाएगी।

बोर्डिंग पास पर ही मिलेगा भुगतान
उपसभापति आशीष तिवारी समेत आठ सदस्यीय पार्षद दल के गुवाहाटी शैक्षिक भ्रमण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यह दल शुक्रवार देर रात तक लौटेगा। इस बीच विपक्षी पार्षदों ने आरोप लगाया है कि कुछ पार्षद शहर में रहते हुए भी यात्रा के फर्जी बिल लगा रहे हैं। शिकायत के बाद निगम प्रशासन ने पहले जारी चार लाख रुपये के अग्रिम भुगतान के बाद शेष पर रोक लगा दी है। अब बोर्डिंग पास दिखाने के बाद ही भुगतान किया जाएगा। नगर आयुक्त आकांक्षा राणा ने कहा कि भुगतान नियमों के तहत ही किया जाएगा।
विज्ञापन


शैक्षिक भ्रमण की रिपोर्ट का इंतजार
नियमों के अनुसार, भ्रमण से लौटने के बाद पार्षदों को सदन में अध्ययन रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होती है, ताकि भ्रमण का लाभ शहर को मिल सके। लेकिन पिछले वर्षों में एक भी रिपोर्ट पेश नहीं की गई। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि ऐसे शैक्षिक भ्रमण से क्या लाभ मिला।


शैक्षिक भ्रमण में शामिल पार्षदों के वार्ड की मुख्य समस्याएं
वार्ड 9
हंसारी गिर्द द्वितीय
पार्षद- राखी सिंह
सड़कों की खोदाई के बाद इनकी मरम्मत नहीं कराई गई। इस वजह से रास्ता टूटा हुआ है। पावर हाउस के पीछे की पूरी गली उखड़ी है लेकिन बजट न होने की वजह से इसकी मरम्मत नहीं कराई जा सकी।

वार्ड संख्या- 2
पार्षद शबनम
स्ट्रीट लाइट न होने से वार्ड की अधिकांश गलियों में अंधेरा रहता है। कंबल मिल के पास नालियां क्षतिग्रस्त हैं। ड्रेन कवर न होने से अक्सर यहां दुर्घटनाएं होती हैं। पिछले लंबे समय से यहां काम नहीं कराया गया।

वार्ड संख्या 1
पार्षद महेंद्र यादव
वार्ड में आंतरिक सड़कों की हालत खस्ता है। नालियों की मरम्मत न हो पाने से ज्योति नगर, न्यू गोविंद नगर आदि मोहल्लों में गंदा पानी भरता है।

वार्ड संख्या 35
पार्षद आशीष तिवारी
नंदनपुरा, सूर्यपुरम कॉलोनी समेत अन्य गलियों में आने-जाने का रास्ता लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। दीनदयाल नगर में नाली क्षतिग्रस्त होने से लोग परेशान हैं।


वार्ड संख्या 43
पार्षद दिनेश प्रताप
कालसी कंपाउंड, नानकगंज आदि मोहल्लों में नालियां क्षतिग्रस्त होने से गंदा पानी सड़कों पर बहता है। सीपरी बाजार का मुख्य इलाका होने के बावजूद कई सड़कें क्षतिग्रस्त हैं।

वार्ड संख्या 44
पार्षद नीता यादव
सिविल लाइंस जैसा इलाका होने के बावजूद अधिकांश नालियां खुली हुई हैं। इनमें ड्रेन कवर नहीं है। नालियों की मरम्मत न होने से अक्सर चोक हो जाती हैं।

वार्ड संख्या 14
पार्षद अतुल
जलभराव इस वार्ड की सबसे बड़ी समस्या है। कपूर टेकरी, खुशीपुरा, राय मोहल्ला समेत अन्य मोहल्लों में नालियों के न होने से हर बारिश में यहां पानी भर जाता है।

वार्ड संख्या 6
पार्षद अलका श्रीवास
तलैया, नारीपुरा, महावीरन आदि इलाकों में नालियां क्षतिग्रस्त हैं। इस वजह से गंदा पानी ओवरफ्लो हो जाता है। नगर निगम पर्याप्त बजट न होने की बात कहकर मरम्मत नहीं करा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें