झांसी। मोबाइल एप के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले हाई प्रोफाइल गिरोह का कोतवाली पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करके उनके पास से सट्टा में इस्तेमाल होने वाली साढ़े सात लाख की रकम भी बरामद की है। एसएसपी ने खुलासा करने में शामिल टीम को पच्चीस हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने का एलान किया है।
एसएसपी शिवहरि मीना ने बताया कि मंगलवार आधी रात गश्त के दौरान कोतवाली पुलिस को सीसी गोदाम के पास दीपक गुप्ता के मकान में कुछ लोगों के ऑनलाइन सट्टा खिलाने की सूचना मिली। पुलिस ने यहां पहुंचकर छापेमारी की। इस दौरान दीपक गुप्ता (38) पुत्र शिवकुमार गुप्ता निवासी मास्टर कॉलोनी बड़ागांव गेट बाहर, शुभम उपाध्याय (43) निवासी तिलयानी बजरिया एवं मोहन मकराड़िया निवासी टकसाल (39) साल को पकड़ लिया गया। पूछताछ के लिए इनको कोतवाली लाया गया। पूछताछ में इन लोगों ने बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टा खिलवाने की बात मानी। पुलिस के मुताबिक आरोपी अधिकांश क्रिकेट मैच के दौरान सट्टा लगवाने का काम करते थे। इन लोगों ने मिलकर एक एप बनाया था। इसके अलावा सट्टा लगवाने वाली ऑनलाइन कंपनियों को लाखों रुपये देकर यह लोग क्वाइन लेते थे। उसके जरिए यहां लोगों से सट्टा लगवाने का काम करते थे। शुभम इस गिरोह को संचालित करता है। उसकी मंडी में अनाज की आढ़त है। उसके खिलाफ सीपरी बाजार एवं कोतवाली में पहले से भी मामले दर्ज हैं। पकड़े गए दोनों अन्य आरोपी भी व्यापार करते हैं। हर दिन लाखों रुपये का यह लोग मिलकर सट्टा खिलवाने का काम करते थे। दबिश देने वाली टीम में कोतवाल तुलसी राम पांडेय, चौकी प्रभारी बड़ागांव रमाकांत सिंह, कांस्टेबिल हरेंद्र सिंह समेत अन्य शामिल रहे। एसएसपी ने टीम को नकद पुरस्कार दिए जाने का एलान किया है।