अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शाहजहापुर में बेटी की शादी के लिए रुपयों का इंतजाम न होने से दुखी व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
शाहजहांपुर निवासी तुलसीराम (55) अज्ञात वजह से कुछ दिनों से परेशान चल रहा था। बृहस्पतिवार को वह घर से किसी काम की बात कहकर निकला मगर नहीं लौटा। जब वह काफी देर तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने तलाश शुरू कर दी। कुछ देर बाद उसका शव खेत के पेड़ से बंधे फंदे से लटका मिला। इसकी सूचना फैलते ही मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव प्रधान प्रतिनिधि मुकेश कुमार गौतम ने बताया कि तुलसीराम की बेटी का रिश्ता पक्का हो गया है। उसकी शादी अगले महीने होगी। शादी के लिए रुपयों का इंतजाम नहीं होने की वजह से वह काफी परेशान चल रहा था।