संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। कस्बा मोंठ के मोहल्ला कटरा बाजार में शुक्रवार की देर रात शॉर्ट सर्किट से एक प्रोविजन स्टोर में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकान में रखा लगभग चार लाख रुपये का माल जलकर नष्ट हो गया।
कस्बा निवासी दाऊ सिंधी का कटरा बाजार में प्रोविजन स्टोर है। रोजाना की तरह शुक्रवार तकरीबन दस बजे दाऊ सिंधी का बेटा गोलू सिंधी दुकान बंद कर घर चला गया था। शनिवार की अल सुबह दुकान के पास से कुछ लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले। उन्हें दुकान में से धुआं उठता नजर आया। लोगों ने इसकी सूचना दुकान मालिक और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दुकान मालिक अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंच गया। दमकल दस्ते ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाना शुरू कर दिया। दमकल दस्ता मशक्कत के बाद आग पर काबू पा पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा सामान बिस्कुट, नमकीन, चॉकलेट, केक, खाद्य तेल, मसाले, पैक्ड फूड्स, प्लास्टिक के डिब्बे व अन्य किराना सामग्री जलकर नष्ट हो चुकी थी।
दुकानदार दाऊ सिंधी के अनुसार आग से लगभग चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दुकान में सीसीटीवी कैमरा और इन्वर्टर बैटरी भी मौजूद थे, जो आग की भेंट चढ़ गए। घटना के बाद दुकान मालिक और परिवारजन बेहद दुखी नजर आए। उन्होंने प्रशासन से सहायता की मांग कर रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों और मोहल्लेवासियों ने भी घटना पर दुख जताया और प्रशासन से मांग की कि आर्थिक रूप से कमजोर दुकानदार को आर्थिक सहायता दी जाए। पुलिस, राजस्व और फायर विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट पाया गया।