झांसी। किशोरी के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म कांड की गूंज लखनऊ तक सुनाई दे रही है। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ने इस पूरे मामले को संज्ञान में लिया है। जिला व परिक्षेत्र के पुलिस अफसरों से रिपोर्ट तलब की है। पूरे घटनाक्रम पर पुलिस मुख्यालय से सीधी नजर रखी जा रही है।
एक किशोरी की शिकायत पर मंगलवार को पुलिस ने 28 लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस की ओर से दो मुकदमे दर्ज किए गए, जिनमें सपा और बसपा के साढ़े चार सौ लोगों को आरोपी बनाया गया। इसके बाद बृहस्पतिवार को पीड़िता की मां की ओर से पति व अन्य परिजनों समेत 11 लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इस पूरे मामले को प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ने संज्ञान में लिया है। उन्होंने डीआईजी और ललितपुर के पुलिस अधीक्षक से इसकी रिपोर्ट तलब की है। साथ ही घटना के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी करने के पुलिस को निर्देश दिए हैं।