नगर निगम ने लीज रेंट में वृद्धि के लिए मुख्यालय से मांगे दिशा-निर्देश, मार्च से बनना शुरू हो सकता है स्टैंड
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बस स्टैंड के लिए नगर निगम से कोछाभांवर में पांच एकड़ जमीन लीज रेंट पर लेने के लिए 14 लाख रुपये स्वीकृत हो गए हैं। मार्च से पीपीपी मोड पर स्टैंड बनाने का काम शुरू होने की उम्मीद है।
कानपुर रोड पर बस स्टैंड चलता है। नगर निगम परिवहन विभाग से 25 रुपये प्रति बस के हिसाब से स्टैंड का किराया वसूलता है। इससे परिवहन विभाग हर माह छह से सात लाख रुपये स्टैंड का किराया देता है। अब कोछाभांवर में ही पांच एकड़ जमीन बस स्टैंड के लिए मिल गई है। सहायक नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि लीज रेंट में हर पांच साल में पांच फीसदी वृद्धि के मसले पर मुख्यालय से गाइड लाइन मांगी गई है। दिशा-निर्देश आने के बाद ही परिवहन विभाग से लीज डीड होगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक संतोष कुमार ने बताया कि लीज के लिए मुख्यालय ने धनराशि स्वीकृत कर दी है, जो चार-पांच दिन में खाते में आ जाएगी। इसके बाद नगर निगम के अधिकारियों संग बैठक कर लीज डीड होगी। लीज रेंट की वृद्धि का बिंदु भी स्पष्ट हो चुका है। फिलहाल किसी तरह की दिक्कत नहीं है।