अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। अयोध्या के रामपथ की तर्ज पर झांसी में मॉडल सड़क बनाई जाएगी। इसके लिए सीएम ग्रिड के तहत दूसरे चरण में इलाइट चौराहा से पहूज नदी तक सड़क का चयन हुआ है। शासन ने सड़क निर्माण के लिए 41 करोड़ रुपये की मंजूरी भी दे दी है।
झांसी में मुख्यमंत्री हरित सड़क अधोसंरचना विकास (सीएम ग्रिड) योजना के तहत पहले चरण में तीन सड़कों को संवारा जा रहा है। चेन्नई के पोंडी बाजार प्लाजा की तर्ज पर बीकेडी से चित्रा चौराहा, लहरगिर्द में अंडरब्रिज से गुरु हरकिशन कॉलेज और शिवपुरी हाईवे तक और महावीरन मंदिर से पंपेश्वर महादेव मंदिर होते हुए नगरा की पुलिया तक योजना के तहत सड़क बनाई जा रही है। इसके लिए शासन ने 45.68 करोड़ जारी किए हैं। नगर निगम के मुख्य अभियंता राजवीर सिंह ने बताया कि अब दूसरे चरण में इलाइट चौराहा से नंदनपुरा पहूज नदी तक मॉडल सड़क बनाई जानी है। इसे अयोध्या के रामपथ की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जो कि भगवान श्रीकृष्ण और बुंदेलखंड की सांस्कृतिक विरासत की थीम पर आधारित होगी। हर 25 मीटर पर मूर्ति, चित्र बनाए जाएंगे। हिस्टोरिकल बेंच के अलावा हरियाली के लिए पेड़ लगाए जाएंगे। आकर्षक स्ट्रीट लाइटें लगेंगी। जगह-जगह साइनेज लगाने समेत कई अन्य कार्य भी कराए जाएंगे। शासन की मंजूरी के बाद योजना विभाग ने बजट स्वीकृति के लिए वित्त विभाग को फाइल भेजी थी। वित्त विभाग ने सड़क निर्माण के लिए 41 करोड़ रुपये मंजूर कर दिए हैं।
इन मानकों के आधार पर हुआ सड़क का चयन
...........................................................
- सड़क 10 मीटर से अधिक चौड़ी हो
- अस्पताल, रेलवे स्टेशन, स्कूल पास हो
- बाजार का व्यस्ततम क्षेत्र हो
- शहर को जोड़ने वाला मार्ग हो
वर्जन..
सीएम ग्रिड योजना के तहत इलाइट चौराहा से नंदनपुरा पहूज नदी तक बनने वाली मॉडल सड़क में अंडरग्राउंड केबल होगी। इसके लिए डक्ट बनाई जाएगी। सड़क बनने के बाद बेहद खूबसूरत नजर आएगी। - सत्य प्रकाश, नगर आयुक्त।