झांसी। पशुपालन विभाग द्वारा जनपद में अन्ना पशुओं की समस्याओं क ा स्थायी समाधान करने के लिए चार बड़ी गोशालाएं बनाई जाएंगी। इसके लिए पशु निदेशालय से शासन को फाइल भेजी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद धरातल पर काम किया जाएगा। जिससे तीन माह के भीतर गोशालाएं बनकर तैयार हो जाएंगी। इसमें 3000 से ज्यादा गोवंशों को संरक्षित कर उनका भरण-पोषण का पूरा इंतजाम किया जाएगा।
जनपद के लगभग 37 हजार अन्ना पशु इस समय 276 स्थायी और अस्थायी गोशालाओं में संरक्षित कि ए जा रहे हैं। ऐसे में पशुपालन विभाग द्वारा चार और नई वृहद गोशालाओं को बनवाए जाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। जो गरौठा तहसील के गौती, गुढ़ा, टहरौली तहसील के धवारी व मऊरानीपुर तहसील के पठगुवां ग्राम में बनवाई जाएंगी। शासन से स्वीकृति मिलते ही इन क्षेत्रों का विभाग द्वारा गठित टीमों द्वारा निरीक्षण किया जाएगा। जो बिजली, पानी समेत हरित भूमि का सर्वे करेंगी। जिससे पशुओं के लिए स्थायी भरण-पोषण की व्यवस्था हो सके। इस संबंध में अपर निदेशक पशुपालन विभाग डॉ. विवेक कुमार भारद्वाज ने बताया कि शासन द्वारा स्वीकृति मिलते ही गोशालाओं के निर्माण के लिए रूपरेखा तैयार की जाएगी।