वाल्मीकि जयंती की तैयारियों को लेकर भिड़े कार्यकर्ता, मारपीट
झांसी। नगर निगम में महर्षि वाल्मीकि जयंती की तैयारियों को लेकर हो रही बैठक में आय- व्यय के हिसाब के दौरान कार्यकर्ता भिड़ गए और मारपीट हो गई। इससे दो- तीन लोगों को चोटें आ गईं। मामला दर्ज कराने के लिए दोनों पक्ष देर रात तक थाना नबाबाद में डेरा डाले रहे।
मंगलवार को महर्षि वाल्मीकि जन्मोत्सव समारोह महासमिति की बैठक वाल्मीकि मंदिर उद्यान प्रांगण में हुई। आगामी वाल्मीकि जयंती 30 अक्तूबर को है। महासमिति में प्रावधान है कि पिछले साल हुए कार्यक्रम के दौरान हुए खर्च के बारे में कार्यकारिणी आय- व्यय का ब्योरा प्रस्तुत करती है। वर्ष भर में हुए समाज और संगठन की एकता संबंधी कार्य, धार्मिक सांस्कृतिक कार्यों की जानकारी और उपलब्धियों के बारे में बताया जाता है। इसके बाद आगामी वर्ष में होने वाले कार्यक्रम के लिए महासमिति के सदस्यों का चुनाव होता है। बैठक में आय- व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया जा रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने इस पर आपत्ति जताई तो विवाद हो गया और देखते ही देखते मारपीट होने लगी। मामला बढ़ने पर कुछ लोग थाना नबाबाद पहुंच गए तो दूसरे पक्ष के लोग भी थाने में पहुंच गए। देर रात तक दोनों पक्ष अपनी - अपनी रिपोर्ट लिखाने के लिए थाना नबाबाद में डेरा डाले हुए थे।