झांसी। जिला फुटबॉल संघ की ओर से आयोजित जयराज कप्तान स्मृति फुटबॉल टूर्नामेंट का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। बबीना की टीम श्रीगणेश क्लब और हीरोज फुटबॉल क्लब के बीच हुआ पहला मैच टाई रहा।
शुक्रवार को टूर्नामेंट का शुभारंभ पूर्व सांसद चंद्रपाल सिंह यादव ने किया। पहले मैच में श्री गणेश क्लब बबीना और हीरोज फुटबाल क्लब ने शानदार प्रदर्शन किया। दोनों टीमों का मैच ड्रॉ रहा। कोई भी टीम एक भी गोल नहीं कर पाई। शनिवार को पहला मैच दोपहर तीन बजे से हीरोज फुटबॉल क्लब बी एवं कैंट फुटबॉल क्लब बी अथवा दूसरा मैच शाम पांच बजे से बुंदेलखंड यूनाइटेड फुटबॉल क्लब एवं ग्वालटोली के बीच खेला जाएगा।
टूर्नामेंट में झांसी की 14 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसमें चार पूल बनाए गए हैं। पूल ए और पूल डी में चार-चार टीमें और पूल बी और पूल सी में तीन-तीन टीमें हैं। इस दौरान प्रभात कुमार, अरविंद कपूर, कैलाश यादव, भावेश मिश्रा, सुदेश पटेल, मुकेश श्रीवास्तव, आरपी सिंह, नितिन राज, दिलीप जैसवाल, धर्मेंद्र प्रताप मौजूद रहे।