अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। क्राफ्ट मेला मैदान में लगे मेले में खानपान की दुकानों पर रविवार को खाद्य विभाग की टीम ने छापा मारा। टीम ने पांच नमूने एकत्र किए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। वहीं, 12 दुकानों का ऑन स्पॉट पंजीकरण भी कराया गया।
क्राफ्ट मेला मैदान में बीते दिसंबर से मेला लगा हुआ है। यहां खानपान की काफी दुकानें लगी हुई हैं। इनमें ज्यादातर दुकानें फास्ट फूड की हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर गुप्ता और सुनील कुमार रविवार को मेला परिसर पहुंचे। यहां खानपान की दुकानों से नमूने एकत्र करने लगे। इससे हड़कंप मच गया। जिला अभिहीत अधिकारी चितरंजन कुमार ने बताया कि टीम ने मिर्च पाउडर के दो, हल्दी पाउडर के दो और छोले की सब्जी का एक नमूना लिया है। इन्हें जांच के लिए गोरखपुर स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, 12 दुकानें बिना पंजीकरण के संचालित थीं। ऐसे में सौ रुपये शुल्क जमा कराकर दुकानों का ऑनस्पॉट पंजीकरण करवाया गया। मेले का संचालन करने वाली फर्म को भी निर्देश दिए गए हैं कि जब भी खाद्य पदार्थों की दुकान किराये पर दें तो जांच लें कि खाद्य विभाग से पंजीकरण है या नहीं।