झांसी। रानी लक्ष्मीबाई की जयंती 19 नवंबर को झांसी आ रहे प्रधानमंत्री के लिए राजकीय इंटर कॉलेज के ग्राउंड पर पांच हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं। यहां दिन रात निर्माण कार्य किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 नवंबर को दिल्ली से चलकर ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे विशेष हेलिकॉप्टर से उड़ान भरकर झांसी आएंगे। पीएम के हेलिकॉटर के साथ उनके काफिले में सेना के दो और हेलिकॉप्टर होंगे। तीनों हेलिकॉप्टर ग्वालियर रोड स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के ग्राउंड पर बनाए जा रहे हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके अलावा यहां दो अन्य हेलीपैड भी तैयार किए जा रहे हैं। ये मुख्यमंत्री और राज्यपाल के हेलिकॉप्टरों के लिए तैयार किए जा रहे हैं।
विदित हो कि पहले बनाई गई योजना के अनुसार प्रधानमंत्री के हेलिकॉप्टर को किले की तलहटी में स्थित क्राफ्ट मेला ग्राउंड में उतरना था। लेकिन, जगह कम होने की वजह से इसमें बदलाव कर दिया गया है। अब जीआईसी में हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं।