झांसी। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी पा चुके शिक्षकों को बेसिक शिक्षा निदेशालय ने चिह्नित कर सूची जारी कर दी है। सूची में झांसी में पांच, ललितपुर में एक तथा जालौन में यह संख्या शून्य बताई जा रही है। शासन ने सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि वह त्वरित कार्रवाई कर उन्हें रिपोर्ट दे। हालांकि झांसी में फर्जी प्रपत्रों के आधार पर नौकरी कर रहे शिक्षक स्थानांतरित हो चुके है। जिनकी सेवा समाप्ति की संस्तुति संबंधित जिलों के बीएसए को पत्र के माध्यम से पहले ही की जा चुकी है।
बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों की नियुक्तियों को लेेकर लगातार नई - नई परतें खुलती जा रही है। शासन स्तर पर विभिन्न स्तरों से जांच चल रही है। हाल ही में निदेशालय ने प्रत्येक जनपद में गठित जांच समितियों में से एडी बेसिक की जगह बीएसए को शामिल किया था। इसी क्रम में डॉ. भीमराव अंबेडकर आगरा विश्वविद्यालय के बीएड सत्र 2004 - 5 के फर्जी प्रपत्र लगाने वाले एवं टैंपर्ड वाले चिह्नित शिक्षकों की सूची जिले वार जारी की है। जिला बेसिक शिक्षा विभाग के अनुसार झांसी में चिह्नित शिक्षकों के स्थानांतरण प्रदेश के अन्य जिलों में हो चुके थे, जिनकी सेवा समाप्ति व अन्य कार्रवाई के लिए संबंधित जिलों के बीएसए को कहा जा चुका है। विभाग का कहना है कि किसी अन्य जिले से स्थानांतरण होकर आए शिक्षकों की सेवा समाप्ति की संस्तुति कोई भी जिले से अब तक नहीं आई है।