झांसी। शनिवार को दोपहर दो बजे इलाइट चौराहे पर झांसी से करैरा जा रही एक निजी बस में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इस दौरान बस में सवार यात्रियों में भगदड़ मच गई। बस चालक, परिचालकों और चौराहे पर मौजूद होमगार्ड ने आग बुझाई। आधे घंटे बाद बस को दोबारा गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
महानगर स्थित बस स्टैंड से करैरा जा रही एक प्राइवेट बस में शनिवार दोपहर तकरीबन दो बजे शार्ट सर्किट से बस के इंजन में आग लग गई। इसके बाद इंजन से निकलता धुआं बस के अंदर देख बस में बैठे यात्रियों में भगदड़ मच गई। बस चालक, परिचालक और चौराहे पर मौजूद होमगार्ड ने इंजन में पानी डालकर आग बुझाई। चालक परिचालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। तकरीबन 15 मिनट तक यह सिलसिला जारी रहा। इस दौरान जाम की स्थिति बन गई। इसके बाद बस को करैरा के लिए रवाना कर दिया गया।