झांसी। थाना कोतवाली इलाके के मुहल्ला नरसिंह राव टौरिया में सिलिंडर से गैस लीक होने की वजह से एक घर में आग लग गई, जिससे एक ही परिवार के चार लोग झुलस गए। पड़ोसियों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका।
नरसिंह राव टौरिया मुहल्ले में रहने वाले मदन मोहन के घर पर दो दिन पहले सिलिंडर की आपूर्ति हुई थी। शुक्रवार की सुबह तकरीबन नौ बजे गैस खत्म होने पर घर में रखे सिलिंडर को लगाने के लिए प्लास्टिक कैप हटाते ही तेजी से गैस लीक होने लगी। घर के मंदिर में जल रहे दीपक के संपर्क में गैस के आने पर आग लग गई। इससे परिवार में चीख पुकार मच गई। आवाज सुनने पर पड़ोसी भी जमा हो गए। पड़ोसियों की मदद से परिजनों ने आग पर काबू पाया, लेकिन इससे पहले परिवार की पूजा, नंदा, टीना व छोटू बुरी तरह से झुलस गए थे, जिन्हें आनन-फानन में एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया।
बच्चों को छत से फेंक कर बचाया
झांसी। सिलिंडर का कैप हटते ही अचानक आग ने जोर पकड़ लिया। घर की पहली मंजिल पर हुए इस हादसे की वजह से परिजन ऊपर ही फंसे रह गए। ऐसे में घर के बच्चों को छत से नीचे फेंका गया। नीचे पड़ोसी चादर तानकर खड़े हुए थे। तब जाकर बच्चे बच पाए।
सिलिंडर में नहीं थी पिन
झांसी। पीड़ितों ने बताया कि सिलिंडर के प्लास्टिक के कैप के ऊपर सील लगी हुई थी। लेकिन, कैप हटाने पर अंदर पिन नहीं थी, जिससे गैस लीक हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि डिलीवर किए गए सिलिंडर में गैस चोरी करने के लिए की गई कारिस्तानी की वजह से पिन हट गई। वहीं, घटना की खबर लगते ही गैस की आपूर्ति करने वाला हॉकर रफूचक्कर हो गया।