केंद्रीय उपभोक्ता मामले खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण ग्रामीण विकास राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने बिजली विभाग की समीक्षा की और निर्देश दिए कि बहुत से फर्जी संविदा कर्मी घूम रहे हैं उनकी जांच करके उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए साथ ही साथ उन्होंने बिलिंग और मीटर बदलने में गड़बड़ियों की जांच कराने और जालौन में ट्यूबवेल लगाने के नाम पर कनेक्शन की फर्जी रसीद देने की जांच कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
रविवार को सर्किट हाउस में झांसी, जालौन और ललितपुर के बिजली अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक में उन्होंने विधायक निधि से होने वाले कार्यों के लंबित होने के प्रकरणों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जालौन जिले के थाना कदौरा के ग्राम इकौना निवासी शीतला पुत्र बहोरे के प्रकरण की जानकारी देते हुए कहा कि उसने खेती के लिए बोर कराया और ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए आवेदन किया तो नौ अक्तूबर 2018 को रसीद दी गई। लाइनमैन आशीष और जेई के ड्राइवर रविंद्र के माध्यम से 52517 रुपये जमा किए। कनेक्शन चालू हो गया। एक सप्ताह बाद जेई ने छापामार कर कनेक्शन को फर्जी बता दिया। दो लाख 99 हजार रुपये जुर्माना लगाकर नोटिस भेज दिया। जब उसने अधिकारी को बताया तो अधिकारी के बाबू प्रमोद परिहार ने उक्त प्रकरण को एक लाख रुपये में निपटाने की बात की और पैसा लेकर 28 हजार रुपये की रसीद दे दी।
पीड़ित अभी भी वैध कनेक्शन के लिए भटक रहा है। उन्होंने मुख्य अभियंता एमके अग्रवाल को निर्देश दिए कि प्रकरण की गंभीरता से जांच करें और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। सरद विधायक रवि शर्मा ने प्रेमनगर क्षेत्र में अवैध ढंग से मीटर लगाने और बिल वसूलने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि विभाग में ऐसे कई संविदा कर्मचारी हैं, जिन्हें हटा दिया गया है। इसके बाद भी वह क्षेत्र में वसूली कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऐसे संविदा कर्मचारियों की जांच कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए।
जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम ने कहा कि ब्लॉक बंगरा के कटेरा के मजरा में अब तक लाइट नहीं पहुंची है। ग्राम अतपेई में तीन माह से ट्रांसफार्मर खराब है। जेई लगातार ग्रामीणों को परेशान कर रहा है। समस्या का समाधान कराया जाए। भाजपा प्रवक्ता डॉ. विजय खैरा ने कहा कि उनके घर में बिजली का बिल बहुत ज्यादा आ रहा है। मुख्य अभियंता एमके अग्रवाल ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की शिकायतों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कमलावती, महापौर रामतीर्थ सिंघल, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम, विधायक रवि शर्मा, राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. कंचन जायसवाल, संजीव ऋंगीऋषि, अपर जिलाधिकारी बी प्रसाद, अधीक्षण अभियंता शहर राजकुमार, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण जेपीएन सिंह, अधिशासी अभियंता डी यादवेंदु, शैलेंद्र कटियार, मनोज कुमार सिंह मौजूद रहे।