झांसी। दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने मिठाई की दुकानों पर छापा मारकर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। टीम ने वंदना स्वीट्स, बीकानेर वाला और चेलाराम स्वीट्स का निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई और रखरखाव ठीक न होने से प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया गया।
टीम ने रंगीन रसगुल्ले, पनीर, बूंदी के लड्डू और चटनी के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भी भेजे हैं। सहायक आयुक्त खाद्य एवं अभिहित अधिकारी पवन कुमार के मुताबिक, टीम ने इलाइट चौराहा स्थित वंदना स्वीट्स, इलाहाबाद बैंक चौराहा स्थित बीकानेर वाला और सीपरी बाजार स्थित चेलाराम स्वीट्स का निरीक्षण किया। साफ-सफाई ठीक नहीं मिलने पर नोटिस जारी किए गए। संग्रहित नमूनों को जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है वहीं, मोबाइल लैब से तेल की शुद्धता जांची गई।