प्रेम नगर पुलिस के मुताबिक, खाती बाबा निवासी रेमंड जितेंद्र (52) अपने पुत्र हर्ष विकास के साथ रहता था। दोनों नौ अक्तूबर की रात साथ में शराब पी रहे थे। शराब खत्म हो जाने के बाद हर्ष ने पिता से और शराब लाने के लिए पैसे मांगे। रेमंड ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इस बात पर हर्ष नाराज हो गया। दोनों के बीच कहासुनी होने लगी।
हर्ष ने पास में पड़ी रॉड से पिता पर हमला बोल दिया। पिता को मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पिता की चीख-पुकार सुनकर आस पड़ोस के लोग भी आ गए। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने घायल रेमंड को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। उसकी हालत तब से नाजुक बनी हुई थी। बुधवार दोपहर उसकी मौत हो गई। प्रेम नगर इंस्पेक्टर आनंद सिंह के मुताबिक आरोपी पुत्र को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।