खुद को इनकम टैक्स इंस्पेक्टर बताकर सिपाही से शादी रचाकर लाखों रुपये ऐंठने वाली धोखेबाज दुल्हन के बुंदेलखंड में सियासी रिश्ते उजागर हुए हैं। मामले की विवेचना करने पहुंची नजीराबाद थाना पुलिस को पता चला है कि वह लंबे समय तक कांग्रेस के एक प्रदेश स्तरीय नेता से जुड़ी रही।
फर्जी टैक्स इंस्पेक्टर बनकर सिपाही से शादी रचाने वाली धोखेबाज दुल्हन शातिर दिमाग है। सिपाही से शादी करने के बाद वह पहले पति और प्रेमी के संपर्क में थी। उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल से पुलिस ने खुलासा किया। साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस टीम आज झांसी के लिए रवाना होगी।
विज्ञापन
फजलंगज थाने में तैनात सिपाही जितेंद्र गौतम की शिवांगी सिसौदिया से फेसबुक के जरिये दोस्ती हुई थी। 10 फरवरी 2021 को शिवांगी ने सिपाही से शादी की थी। शादी के पहले सिपाही को दहेज में कार देने का झांसा देकर 6.21 लाख व शादी के बाद तमाम खर्चों के नाम पर करीब चार लाख रुपये हड़पे।
सिपाही और शिवांगी नजीराबाद में एक अपार्टमेंट में रह रहे थे। करीब दो माह पूर्व सिपाही ने शिवांगी को उसके प्रेमी के साथ अपने घर में ही पकड़ा तब धोखेबाज दुल्हन का सच सामने आया। सिपाही की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर नजीराबाद पुलिस ने रविवार को शिवांगी को गिरफ्तार किया।
विज्ञापन
रविवार देर शाम पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी व विवेचक कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कोर्ट में शिवांगी के खिलाफ मजबूत साक्ष्य पेश करने के लिए टीम को झांसी भेजा गया है।
धोखेबाज दुल्हन के मिले सियासी रिश्ते
खुद को इनकम टैक्स इंस्पेक्टर बताकर सिपाही से शादी रचाकर लाखों रुपये ऐंठने वाली धोखेबाज दुल्हन के बुंदेलखंड में सियासी रिश्ते उजागर हुए हैं। मामले की विवेचना करने पहुंची नजीराबाद थाना पुलिस को पता चला है कि वह लंबे समय तक कांग्रेस के एक प्रदेश स्तरीय नेता से जुड़ी रही।
युवती के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह करीब चार साल तक इन नेताओं की सरपरस्ती में रही थी। बुंदेलखंड के कुछ अन्य रसूखदार लोगों के नाम भी परिजनों ने पुलिस को बताए। ठगी में पकड़े जाने पर उनकी मदद से ही वह छूटकर बाहर आती थी।
आठ अक्तूबर को कानपुर में फर्जी आयकर इंस्पेक्टर बनकर रह रही झांसी के गुरसराय के नुनार गांव निवासी युवती शिवांगी के फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हुआ था। उसने खुद को इंस्पेक्टर बताकर पूंछ निवासी सिपाही जितेंद्र गौतम से शादी रचा ली थी। उससे लाखों रुपये हड़प लिए।
शिवांगी और रुपयों की मांग कर रही थी लेकिन, शक होने पर जब जितेंद्र ने पता लगाया तब शिवांगी का फर्जीवाड़ा उजागर हो गया। जितेंद्र की तहरीर पर नजीराबाद पुलिस ने शिवांगी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय ने कानुपर पुलिस को शिवांगी से संबंधित सभी दस्तावेज सत्यापित करके पेश करने का आदेश दिया।
इस पर कानपुर पुलिस जांच पड़ताल के लिए मंगलवार को झांसी पहुंची। सबसे पहले वह शिवांगी के मायके नुनार गांव गई। यहां उसके पिता समेत पड़ोस एवं अन्य रिश्तेदारों से पूछताछ की। गांव के लोगों ने पुलिस को बताया कि कुछ साल पहले तक शिवांगी नियमित गांव आती थी।
उसके साथ कांग्रेस के एक बड़े नेता भी यहां आते-जाते थे। उसके परिजनों ने भी पुलिस को शिवांगी के सियासी रिश्तों के बारे में बताया। पुलिस अफसरों के मुताबिक छानबीन में मालूम चला कि शिवांगी पहले से शादीशुदा है।
घर में उसका पति बृजेंद्र समेत 13 साल की बेटी एवं 10 साल का बेटा है। पुलिस धोखेबाज दुल्हन के ठगी के दूसरों मामलों की भी तलाश कर रही है। सीओ सिटी राजेश राय के मुताबिक, कानपुर की टीम झांसी आई और मामले की जांच कर रही है।