सीपरी बाजार के भोजला मंडी में ट्रक पर तिरपाल बांधते समय थाना बरुआसागर के तजपुरा गांव निवासी रघुवीर (45) पुत्र मगनलाल नीचे गिर पड़ा था। रघुवीर ट्रक चलाता था। 24 अगस्त को बारिश होने से चावल को भीगने से बचाने के लिए तिरपाल बांधने वह ट्रक पर चढ़ा था। उसी समय पांव फिसलने से वह नीचे गिर पड़ा। उसके सिर, हाथ एवं पांव में चोट आ गई। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।
हादसे की सूचना पर उसके बुजुर्ग पिता मगनलाल (95) भी अस्पताल जा पहुंचे। बेटे को वेंटीलेटर पर देखकर उनकी तबीयत बिगड़ गई। उधर, बेटे की हालत में सुधार नहीं हो रहा था। रविवार दोपहर पिता ने दम तोड़ दिया। अभी उनका अंतिम संस्कार हुए चौबीस घंटे भी नहीं बीते थे कि बेटे की भी अस्पताल में मौत हो गई। दो मौत होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन और रिश्तेदार झांसी पहुंच गए। पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया है।