झांसी/बरुआसागर/मऊरानीपुर। गृहमंत्री अमित शाह ने सपा के परिवारवाद पर भी जमकर हमला बोला। बोले कि परिवारवादी पार्टियां लोकतंत्र पर धब्बा हैं। यूपी में नेताजी गए तो अपने बेटे को गद्दी पर बिठा दिया और बेटे ने प्रदेश का बंटाधार कर दिया। सपा शासन में एक ही परिवार के 45 सदस्यों को अलग-अलग पदों पर बैठाया गया। जबकि, मोदी ने जनता के कल्याण के लिए 45 योजनाओं को लागू किया।
उन्होंने कहा कि जनता को तय करना है कि उन्हें देश के बारे में सोचने वाली सरकार चाहिए या परिवार के बारे में। भाजपा और गठबंधन के प्रत्याशियों को भारी बहुमत से जिताने की अपील करते हुए बोले कि मां अन्नपूर्णा कैंटीन की शुरूआत होगी। इसमें 10 रुपये में भरपेट खाना मिलेगा। साथ ही किसानों को मुफ्त बिजली दी जाएगी। हर व्यक्ति के पास खुद का मकान होगा। कोरोना महामारी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में 80 करोड़ और उत्तर प्रदेश में 15 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दिया है। यूपी में गरीबों को 1.82 करोड़ विद्युत कनेक्शन दिए। 82 लाख आवास बनवाए। हर घर शौचालय पहुंचाया है। पांच लाख तक के नि:शुल्क इलाज के लिए आयुष्मान भारत योजना शुरू की है। एमएसपी पर गेहूं, धान खरीद रहे हैं। वहीं, झांसी मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में 250 की जगह 500 बेड किए जाएंगे। यहां सीटों की क्षमता भी बढ़ाएंगे। बुंदेलखंड के बेटे-बेटी यहीं से पढ़कर डॉक्टर बनेंगे। 20 करोड़ से मिनी क्रिकेट स्टेडियम बनाएंगे। बुंदेलखंड में औद्योगिक गलियारे से रोजगार मिलेगा। कहा कि कानपुर में मेगा लेदर पार्क तो बुंदेलखंड में दो आईटी पार्क बनेंगे। सभा में विधायक और प्रत्याशी रवि शर्मा ने कहा कि झांसी के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी है। आगे भी यहां की तस्वीर बदलने के लिए दिन-रात प्रयास करते रहेंगे। विधायक राजीव सिंह पारीछा ने कहा कि सपा सरकार में दिनदहाड़े कत्ल, कब्जे होते थे। जनता वो जंगलराज फिर नहीं चाहती है। भाजपा गठबंधन प्रत्याशी डॉ. रश्मि आर्या ने कहा कि उन्होंने मऊरानीपुर क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा काम किया है। विधायक बनने पर अधूरे पड़े कार्य पूरे कराएंगे।
जनता से किया सीधा सवाल, मांगा जवाब
झांसी। शाह ने चिरपरिचित अंदाज में जनता से सीधे न सिर्फ सवाल किए, बल्कि जवाब भी पूछा। बोले कि भाजपा ने लोगों को गैस, पानी, बिजली, घर, अनाज सब कुछ दिया है। अखिलेश ने क्या दिया? कहा कि सपा ने गुंडाराज, अवैध कब्जे, दंगा, घोटाले, अवैध खनन, गरीबों का शोषण करने का काम किया है। तंज कसते हुए कहा कि कानपुर के इत्र कारोबारी के यहां रेड पड़ी तो अखिलेश के पेट में दर्द होने लगा। अखिलेश बताएं इत्र वाले से उनका क्या रिश्ता है? बोले कि कारोबारी के पास से इतना पैसा निकला है कि इस मंच पर रखें तो भी जगह कम पड़ जाए।
जो वादे किए थे, उसे पूरा करके दिखाया
झांसी। शाह ने कहा कि 2017 में जब वह बुंदेलखंड आए थे तो जनता से तीन बातें कही थीं। पहली माफिया, गुंडों का अस्तित्व नहीं रहने देंगे। दूसरी सदियों पुरानी पानी की समस्या को दूर करेंगे। तीसरी युवाओं को रोजी रोटी के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा। इसलिए यहां पर उद्योग लगाएंगे। ये सब वादे पूरे किए हैं, क्योंकि भाजपा जो कहती है, वो करती है।
कांग्रेस सरकार में जवान का सर काट ले जाते थे आतंकी
झांसी। गृहमंत्री ने कहा कि केंद्र में दस साल तक सपा-बसपा के सहयोग से कांग्रेस की सरकार चली। याद कीजिए कांग्रेस सरकार में आतंकी सेना के जवान का सिर काट ले जाते थे। मोदी सरकार में उरी और पुलवामा में आतंकी हमला हुआ तो 10 दिन में पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल और एयरस्ट्राइक करके आतंकियों का सफाया कर दिया। ये बदले हुआ भारत है। मुंहतोड़ जवाब देना जानता है।
ये रहे मौजूद
जनसभाओं के दौरान झांसी, बरुआसागर में मेयर रामतीर्थ सिंघल, महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा, हरगोविंद कुशवाहा, एमएलसी रमा निरंजन, पूर्व जिला अध्यक्ष जयदेव पुरोहित, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश पाल, विनोद नायक, पूर्व विधायक केपी राजपूत, वीरू यादव, दिगंत चतुर्वेदी, संतोष सोनी, जगदीश साहू, प्रदीप सरावगी, रचना राजपूत, राजकांतेश वर्मा मौजूद रहे। मऊरानीपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, पालिका अध्यक्ष हरिश्चंद्र आर्य, महेंद्र पाठक, पूर्व ब्लॉक प्रमुख मिथलेश सिंह सेंगर, ब्लाक प्रमुख आनंद सिंह, दीपमाला कुशवाहा, कालका प्रसाद निरंजन, अरुण सिंह, प्रदीप पटेल, चंचल कथंरिया, वीरेंद्र अग्रवाल, दिनेश राजपूत, राघवेंद्र शर्मा, राजेश बिलाटिया मौजूद रहे। झांसी में शैलेंद्र प्रताप सिंह, अमर सिद्ध, रोहित गोठनकर, पार्षद अमन राय, बंटी सोनी, अनिल सोनी, अनूप सहगल, नीलेश बुधौलिया, अमित साहू, अपर्णा दुबे, जितेंद्र गुर्जर, अभिषेक भार्गव आदि मौजूद रहे।