अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज के नजदीक स्थित शिवाय मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल पर छापा मारा, जहां तमाम अनियमितताएं मिली। टीम को पांच रोगी भर्ती मिले मगर कोई भी डॉक्टर ड्यूटी पर नहीं मिला। जांच के दौरान कई दवाएं एक्सपायरी (कालातीत) मिली। जिस पर कार्रवाई करते हुए अस्पताल का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया। नोटिस देकर भर्ती रोगियों को सहूलियत के अनुसार दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट करने के आदेश भी दिए गए।
सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग नर्सिंगहोम, अल्ट्रासाउंड सेंटर आदि पर छापे मारकर उनके मानक व गुणवत्ता की जांच कर रहा है। डिप्टी सीएमओ डॉ. आशीष अग्निहोत्री ने बताया 21 जुलाई को शिवाय मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल संचालक ने व्यक्तिगत कारण से चिकित्सालय का पंजीकरण निरस्त करने का निवेदन किया। इस पर डिप्टी सीएमओ ने बृहस्पतिवार को हॉस्पिटल पर छापा मारा तो वह संचालित मिला। उसमें पांच रोगियों को भर्ती करके उपचार किया जा रहा था। जब मौजूद कर्मियों से ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के बारे में पूछा तो बताया गया कि यहां डॉक्टर ऑनकॉल आते हैं। यही नहीं, छापे के दौरान अस्पताल में कई दवाएं कालातीत मिलीं। इस पर संचालक को अस्पताल प्रशासन से कहकर बुलवाया गया मगर वह नहीं आया। निरीक्षण में अनियमितताएं एवं आवश्यक मानकों का उल्लंघन भी पाया गया। इस पर हॉस्पिटल का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया। डॉ. आशीष ने बताया कि नोटिस देकर संचालक को आदेश कर दिए हैं कि यदि अब अस्पताल संचालित मिला तो सीधे मुकदमा दर्ज करवाकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।