खिलौना टॉकीज के पास स्थित द मैड किचन कैफे में बृहस्पतिवार रात गोली लगने से गंभीर रूप से घायल विधि छात्र संजय सिंह (33) की इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई। संजय मूल रूप से हैवतपुर गांव का रहने वाला था। वर्तमान में सीपरी बाजार के नंदनपुरा इलाके में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
बृहस्पतिवार रात संजय अपने साथियों के साथ कैफे में खाना खाने पहुंचा था। इसी दौरान एक हमलावर अंदर पहुंचा और नजदीक से उन पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नवाबाद थाना पुलिस, स्वॉट टीम और सर्विलांस टीम सहित कई पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। कैफे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश में पुलिस जुटी है। संजय के परिजन, दोस्तों और घटना के समय कैफे में मौजूद लोगों से भी पूछताछ हो रही है। पुरानी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति के मुताबिक को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
घटनास्थल पर मौजूद जानकारी देते एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति....