झांसी। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर दीनदयाल सभागार परिसर में बुधवार को केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक ने लाभार्थियों को सिलाई मशीन का वितरण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को अवश्य मिलना चाहिए। कार्यक्रम में आटा, मसाला चक्की योजना के आठ लाभार्थियों को 20 हजार के ऋण स्वीकृति प्रमाणपत्र बांटे गए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 80 प्रतिशत दिव्यांगजन को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ब्लाक स्तर पर कैंप लगवाकर पंजीकरण करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति ई- कामर्स प्लेटफार्म के माध्यम से अपना सामान घर बैठे बेच सकता है। इस अवसर पर महापौर रामतीर्थ सिंघल, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ, ललितपुर सदर विधायक राम रतन कुशवाहा, पूर्व महापौर किरण राजू वर्मा, भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष मुकेश मिश्रा, उपसभापति सुनील नैनवानी, कपिल विरसेनिया समेत तमाम लोग मौजूद रहे।