झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में दो साल बाद अप्रैल में रोजगार मेला लगेगा। मेले में तीन हजार छात्र-छात्राओं को नौकरियां मिलने की संभावना है। कोरोना महामारी के चलते पिछले दो साल से विश्वविद्यालय में रोजगार मेला नहीं लग सका है।
बीयू की ओर से समय-समय पर रोजगार मेले का आयोजन किया जाता है। वर्ष 2018 में विश्वविद्यालय में लगे जॉब फेयर में 40 कंपनियों ने आकर विद्यार्थियों का साक्षात्कार लिया था और 950 को ऑफर लेटर भी दिए थे। इसके बाद जनवरी 2020 में लगे रोजगार मेले में 45 कंपनियां आईं। इस दौरान 2400 छात्र-छात्राओं को नौकरियां दी गईं। इसके बाद मार्च से कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन हो गया। सभी शिक्षण संस्थान भी बंद रहे। फिर दूसरी लहर आ गई। इस दौरान ऑनलाइन पढ़ाई जारी रही। तीसरी लहर ज्यादा खतरनाक साबित न होने की वजह से स्थितियां सामान्य हो रही हैं। शिक्षण संस्थान भी खुलने लगे हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय ने अप्रैल में रोजगार मेला लगाने का फैसला लिया है। इसमें तीन हजार विद्यार्थियों को नौकरियां देने का लक्ष्य है।
इन कोर्सों के छात्रों की ज्यादा रहती मांग
बीयू के अधिकारियों ने बताया कि रोजगार मेले में बीटेक, एमबीए, फार्मेसी, फॉरेंसिक साइंस, आईटीएचएम, एमएससी फूड टेक्नोलॉजी, बीएड, एमएड, सोशल वर्क समेत विभिन्न कोर्सों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की मांग ज्यादा रहती है।
कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय के निर्देशन में जॉब फेयर का अप्रैल में आयोजन किया जाएगा। इसमें देश भर की नामी कंपनियां आएंगी। तीन हजार छात्र-छात्राओं को रोजगार मिल सकता है। कंपनियों से बातचीत जारी है। - प्रो. प्रतीक अग्रवाल, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल प्रभारी, बीयू।