electricity bill deposited by kiyosk machine
झांसी। महानगर में बिजली के बिल मशीन से भी जमा होंगे। विभाग जल्द ही मुन्नालाल पावर हाउस कार्यालय में ‘कियोस्क’ मशीन लगाने जा रहा है। इस मशीन पर उपभोक्ता एटीएम की तरह अपना बिल जमा कर सकेंगे। विभाग के पास एक मशीन आ चुकी है।
महानगर में 1.14 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। बिल जमा करने के लिए अलग- अलग बिजली दफ्तरों व सबस्टेशनों पर तेरह काउंटर खोले गए हैं। महीने की पंद्रह तारीख के बाद हर काउंटर पर बिल जमा करने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी- लंबी कतारें लगना शुरू हो जाती हैं। इस स्थिति को देखते हुए विभाग अब बैंकों की तरह ‘कियोस्क’ मशीन लगाने जा रहा है। इस मशीन में उपभोक्ता एटीएम की तरह अपना बिल जमा कर सकते हैं। अधिशासी अभियंता (प्रथम) डी यादवेंदु ने बताया कि एचसीएल कंपनी मशीन को लगा रही है। मशीन के लिए मुन्नालाल कार्यालय में सुरक्षित कमरा बनाया गया। बाकी काम प्रगति पर है। जल्द मशीन को लगाया जाएगा।
इस तरह काम करेगी मशीन
उपभोक्ता को मशीन में सबसे पहले अपना एकाउंट आईडी नंबर (बिल में लिखा होता है) डालना होगा। स्क्रीन में बिल राशि लिखी जा जाएगी। इसके बाद उपभोक्ता अपनी बिल को राशि राउंड फिगर में जमा कर सकता है। बिल जमा होने के बाद रसीद बाहर आ जाएगी।